व्यापार समझौते के तहत ब्रिटेन से 642 कार के आयात को मंजूरी, सात कंपनियों को कोटा

व्यापार समझौते के तहत ब्रिटेन से 642 कार के आयात को मंजूरी, सात कंपनियों को कोटा

व्यापार समझौते के तहत ब्रिटेन से 642 कार के आयात को मंजूरी, सात कंपनियों को कोटा
Modified Date: September 16, 2026 / 03:29 pm IST
Published Date: September 16, 2026 3:29 pm IST

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते के तहत इस साल के शेष महीनों में ब्रिटेन से 642 कारों के आयात के लिए सात कंपनियों के आवेदनों को मंजूरी दी है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

वाणिज्य मंत्रालय की इकाई डीजीएफटी ने जुलाई में समझौते के तहत शुल्क रियायत प्रावधानों के अंतर्गत 2026 के लिए पूरी तरह विनिर्मित यात्री कारों और मालवाहक वाहनों के आयात कोटा के आवंटन के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। करीब 5,000 वाहन के आयात कोटा के लिए आवेदन मांगा गया था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘निदेशालय को आठ कंपनियों से आवेदन मिले थे। इनमें से सात के आवेदनों को मंजूरी दी गई है। कुल 642 कारों के लिए कोटा मंजूर किया गया है।’’

भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता (सीईटीए) 15 जुलाई से लागू हुआ है। इसके तहत भारत ने समझौते के पहले 15 साल में ब्रिटेन से पारंपरिक इंजन यानी पेट्रोल और डीजल से चलने वाली यात्री कारों की कुल 3.78 लाख इकाइयों के आयात की अनुमति दी है। इन पर रियायती सीमा शुल्क लागू होगा।

समझौते के तहत वाहन आयात पर शुल्क करीब 110 प्रतिशत से घटकर 10 प्रतिशत हो जाएगा। हालांकि, दोनों देशों के लिए आयात की मात्रा पर कोटा तय किया गया है।

ब्रिटेन में बनी गाड़ियों के केवल मूल विनिर्माता, उनके अधिकृत डीलर और बिक्री भागीदार ही शुल्क दर कोटे के लिए आवेदन करने के लिए पात्र थे।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में