एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का वाहन ऋण पोर्टफोलियो 50,000 करोड़ रुपये के पार
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक का वाहन ऋण पोर्टफोलियो 50,000 करोड़ रुपये के पार
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के वाहन ऋण खंड ने प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियों (एयूएम) में 50,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
बैंक को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से सार्वभौमिक (हर तरह की बैंकिंग सेवाएं देने वाले) बैंक में बदलाव के लिए सैद्धांतिक मंजूरी भी मिल चुकी है।
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक ने बुधवार को बयान में कहा कि अगस्त, 2026 में वाहन ऋण खंड इस आंकड़े के पार पहुंचा। वाहन ऋण कारोबार ने तीन साल में 26 प्रतिशत और पांच साल में 29 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की है।
यह कारोबार एयू एसएफबी का सबसे बड़ा ऋण कारोबार बना हुआ है और बैंक के कुल कर्ज कारोबार में करीब एक-तिहाई हिस्सेदारी रखता है। यह देशभर में 13.7 लाख से अधिक ग्राहकों को सेवाएं देता है।
बैंक ने कहा कि अगस्त, 2026 तक इस खंड में 30,752 करोड़ रुपये का नया वाहन वित्त, 17,966 करोड़ रुपये का पुराने वाहनों का वित्त और 1,767 करोड़ रुपये का दोपहिया वाहन वित्त शामिल था।
वर्ष 1996 में राजस्थान में स्वरोजगार करने वाले उद्यमियों और परिवहन संचालकों पर ध्यान केंद्रित करते हुए शुरू हुआ यह कारोबार अब शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण बाजारों में फैल चुका है। एयू एसएफबी के 3,000 से अधिक सेवा केंद्र हैं और उसका वाहन ऋण कारोबार करीब 2,000 स्थानों पर उपलब्ध है।
एयू एसएफबी के संस्थापक, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संजय अग्रवाल ने कहा, ‘‘हमारे वाहन ऋण कारोबार का एयूएम 50,000 करोड़ रुपये के पार पहुंचना बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव है, क्योंकि यह उस नींव को दर्शाता है जिस पर करीब तीन दशक पहले एयू का निर्माण हुआ था…’’
उन्होंने कहा कि एयू एसएफबी के सार्वभौमिक बैंक में बदलाव की दिशा में आगे बढ़ने के दौरान वाहन ऋण कारोबार वृद्धि का प्रमुख आधार बना रहेगा।
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


