रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक्सास में नई तेल रिफाइनरी में निवेश करेगी: ट्रंप

रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक्सास में नई तेल रिफाइनरी में निवेश करेगी: ट्रंप

रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक्सास में नई तेल रिफाइनरी में निवेश करेगी: ट्रंप
Modified Date: March 11, 2026 / 10:15 am IST
Published Date: March 11, 2026 10:15 am IST

(योषिता सिंह)

न्यूयॉर्क/वॉशिंगटन, 11 मार्च (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत की रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक्सास में स्थापित की जा रही एक नई तेल रिफाइनरी में निवेश करेगी।

उन्होंने इस समझौते के लिए कंपनी और ‘‘भारत में हमारे साझेदारों’’ का आभार व्यक्त किया।

ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच पर मंगलवार को एक संदेश में इसे “300 अरब अमेरिकी डॉलर का ऐतिहासिक समझौता” बताते हुए कहा कि यह परियोजना उनके प्रशासन के ‘‘अमेरिका फर्स्ट एजेंडा’’ के कारण संभव हो रही है।

उन्होंने कहा कि यह समझौता ‘‘अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा समझौता है और अमेरिकी कामगारों, ऊर्जा क्षेत्र एवं ‘साउथ टेक्सास’ के लोगों के लिए बड़ी जीत है।’’

रिलायंस इंडस्ट्रीज की ओर से हालांकि अभी तक इस समझौते को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

ट्रंप ने कहा, ‘‘ भारत में हमारे साझेदारों और उनकी सबसे बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी रिलायंस को इस बड़े निवेश के लिए धन्यवाद।’’

उन्होंने कहा कि ब्राउन्सविल बंदरगाह पर बनने वाली नई रिफाइनरी अमेरिकी बाजारों को ऊर्जा उपलब्ध कराएगी, राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करेगी, अमेरिकी ऊर्जा उत्पादन बढ़ाएगी एवं हजारों रोजगार उत्पन्न करेगी।

‘अमेरिका फर्स्ट रिफाइनिंग’ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उसे फरवरी में एक ‘‘वैश्विक प्रमुख ऊर्जा कंपनी’’ से नौ अंकों की राशि का निवेश प्राप्त हुआ है जिसका मूल्यांकन 10 अंकों में किया गया है।

‘अमेरिका फर्स्ट रिफाइनिंग’ ने यह भी कहा कि उसने उसी वैश्विक ऊर्जा कंपनी के साथ 20 वर्ष के लिए बाध्यकारी आपूर्ति समझौते का प्रारूप भी तैयार किया है, जिसके तहत अमेरिका में उत्पादित ऊर्जा, जो पूरी तरह ‘अमेरिकी शेल’ तेल से प्राप्त होगी…की खरीद, प्रसंस्करण और वितरण के लिए प्रतिबद्धता सुनिश्चित की गई है।

विज्ञप्ति में रिलायंस इंडस्ट्रीज का नाम नहीं दिया गया है और न ही परियोजना में किए जाने वाले निवेश की राशि का उल्लेख किया गया है।

कंपनी ने कहा कि वह इस रिफाइनरी परियोजना का निर्माण कार्य 2026 की दूसरी तिमाही में शुरू करने की योजना बना रही है।

भाषा निहारिका मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में