एफटीए पर वार्ता के लिए ब्रिटेन के व्यापार मंत्री मंगलवार को पहुंचेंगे भारत

एफटीए पर वार्ता के लिए ब्रिटेन के व्यापार मंत्री मंगलवार को पहुंचेंगे भारत

एफटीए पर वार्ता के लिए ब्रिटेन के व्यापार मंत्री मंगलवार को पहुंचेंगे भारत
Modified Date: June 1, 2026 / 07:31 pm IST
Published Date: June 1, 2026 7:31 pm IST

(अदिति खन्ना)

लंदन, एक जून (भाषा) ब्रिटेन के व्यापार एवं व्यवसाय मंत्री पीटर काइल इस सप्ताह भारत के दौरे पर जाएंगे, जहां वह भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के क्रियान्वयन को तेज करने पर बातचीत करेंगे।

ब्रिटिश सरकार ने सोमवार को एक बयान में कहा कि यह समझौता दोनों अर्थव्यवस्थाओं को समय पर बड़ा प्रोत्साहन देने का काम करेगा।

मंगलवार को नयी दिल्ली पहुंचने के बाद काइल वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक का मुख्य केंद्र दोनों देशों के बीच हुए व्यापार समझौते को जल्द लागू करना होगा।

करीब 48 अरब पाउंड के द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने वाला यह समझौता ब्रिटेन के प्रस्तावित इस्पात आयात प्रतिबंधों के कारण कुछ समय से अटका हुआ है।

काइल ने यात्रा से पहले जारी बयान में कहा, “व्हिस्की से लेकर वाहन तक, यह समझौता दोनों देशों के कारोबार और उपभोक्ताओं के लिए बड़े अवसर खोलेगा।”

काइल इस यात्रा के दौरान भारतीय और ब्रिटिश उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी मिलेंगे, ताकि समझौते के लागू होने की तैयारी को गति दी जा सके।

ब्रिटिश सरकार ने कहा कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारत के साथ आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाना ब्रिटेन की प्रमुख प्राथमिकता है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में