अनएकेडमी का अधिग्रहण करेगी अपग्रेड, गौरव मुंजाल बने रहेंगे सीईओ
अनएकेडमी का अधिग्रहण करेगी अपग्रेड, गौरव मुंजाल बने रहेंगे सीईओ
नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) अपग्रेड के सह-संस्थापक रोनी स्क्रूवाला के नेतृत्व वाली शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी की योजना अनएकेडमी का पूरी तरह शेयर अदला-बदली के सौदे में अधिग्रहण करने की है।
समझौते के तहत अनएकेडमी के सह-संस्थापक गौरव मुंजाल कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के पद पर बने रहेंगे और ऑनलाइन शिक्षा उत्पादों तथा वैश्विक विस्तार पर ध्यान देंगे।
गौरव मुंजाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “ अनएकेडमी और अपग्रेड ने एक शुरुआती समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत अपग्रेड 100 प्रतिशत शेयर अदला-बदली के सौदे में अनएकेडमी का अधिग्रहण करेगी। सौदा पूरा होने तक दोनों पक्ष मूल्यांकन का खुलासा नहीं करेंगे। दस्तावेज दाखिल होने और लेनदेन सार्वजनिक होने के बाद ही इसका खुलासा किया जाएगा। मैं अनएकेडमी में सह-संस्थापक एवं सीईओ के रूप में बना रहूंगा, जिसका उद्देश्य भारत तथा वैश्विक स्तर पर शिक्षार्थियों के लिए उत्कृष्ट ऑनलाइन उत्पाद तैयार करना है।’’
रोनी स्क्रूवाला ने कहा कि इस सौदे में एक ‘ब्रेक शुल्क’ का प्रावधान भी शामिल है जो अधिग्रहण पूरा न होने की स्थिति में लागू होगा।
मुंजाल ने बताया कि अनएकेडमी के पास वर्तमान में 10 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक की नकदी है और कंपनी ने हाल ही में अपने संचालन को पुनर्गठित करते हुए अपने स्वामित्व वाले केंद्रों को ‘फ्रेंचाइजी’ साझेदारों के साथ एकीकृत किया है।
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


