अमेरिकी उद्योग प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात की
अमेरिकी उद्योग प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात की
नयी दिल्ली, 18 मई (भाषा) अमेरिका के एक उद्योग प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात की।
इस दौरान भारत के परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में निजी निवेश और औद्योगिक सहयोग के उभरते अवसरों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में भारत के ‘परमाणु ऊर्जा मिशन’, हालिया नीतिगत सुधारों के जरिये निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी और स्वच्छ ऊर्जा तथा महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों में भारत-अमेरिका सहयोग के विस्तार पर विचार-विमर्श किया गया।
केंद्रीय विज्ञान, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक बयान में कहा, ‘भारत का लक्ष्य एक चरणबद्ध और सावधानीपूर्वक नियोजित विस्तार रणनीति के माध्यम से अपनी परमाणु ऊर्जा क्षमता को वर्तमान 8.8 गीगावाट से बढ़ाकर 2047 तक 100 गीगावाट करने का है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘भारत का तेजी से बढ़ता परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम विनिर्माण, तकनीकी सहयोग, आपूर्ति श्रृंखला एकीकरण और उन्नत अनुसंधान में वैश्विक साझेदारी के लिए बड़े अवसर पैदा कर रहा है।’
उन्होंने हाल ही में लागू ‘शांति अधिनियम, 2025’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह एक प्रमुख नीतिगत सुधार है, जिसका उद्देश्य परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में निजी क्षेत्र के साथ-साथ विदेशी भागीदारी को भी बढ़ावा देना है।
मंत्री ने कहा कि यह सुधार निवेश, औद्योगिक सहयोग, विनिर्माण साझेदारी और प्रौद्योगिकी सहयोग के लिए अधिक अनुकूल वातावरण तैयार करेगा, जो भारत के परमाणु ऊर्जा मिशन के अनुरूप होगा।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


