चीन को अनुकूल शुल्क पर कृषि उत्पाद, चिकित्सा उपकरण निर्यात करेगा अमेरिका

चीन को अनुकूल शुल्क पर कृषि उत्पाद, चिकित्सा उपकरण निर्यात करेगा अमेरिका

चीन को अनुकूल शुल्क पर कृषि उत्पाद, चिकित्सा उपकरण निर्यात करेगा अमेरिका
Modified Date: September 28, 2026 / 10:01 am IST
Published Date: September 28, 2026 10:01 am IST

(सागर कुलकर्णी)

वॉशिंगटन, 28 सितंबर (भाषा) चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग की अमेरिका यात्रा के दौरान घोषित व्यापार व्यवस्था के तहत अमेरिका, चीन को कृषि उत्पाद और चिकित्सा उपकरण निर्यात करेगा। इसके बदले अमेरिका को चीन से घरेलू सामान, खिलौने और अन्य उत्पाद कम शुल्क पर मिलेंगे।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जैमीसन ग्रीर ने रविवार देर शाम अमेरिका-चीन व्यापार बोर्ड की सिफारिशों की घोषणा की। इस बोर्ड का गठन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मई में बीजिंग यात्रा के दौरान किया गया था।

ग्रीर ने बयान में कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप और राष्ट्रपति शी के बीच मजबूत संबंधों के प्रत्यक्ष परिणाम के रूप में, अमेरिका और चीन ने नए व्यापार बोर्ड के तहत प्रत्येक देश से 30 अरब डॉलर के गैर-संवेदनशील सामान के व्यापार की सिफारिश की है, जिन्हें भविष्य में अधिक अनुकूल शुल्क व्यवस्था का लाभ मिल सकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप कृषि उत्पादों से लेकर चिकित्सा उपकरणों तक, चीन को होने वाले अमेरिका के करीब 30 प्रतिशत निर्यात के लिए बेहतर बाजार पहुंच सुनिश्चित कर रहे हैं। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को चीन से घरेलू सामान, खिलौने और अन्य उत्पादों के आयात का लाभ मिलेगा जिन्हें अमेरिका आम तौर पर दूसरे देशों से आयात नहीं करता है।’’

शी तीन दिवसीय यात्रा पर बुधवार शाम अमेरिका पहुंचे थे। ट्रंप ने विमान के पास जाकर उनका स्वागत किया था। दोनों नेता अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ में बृहस्पतिवार को दो घंटे से अधिक समय तक साथ रहे। बाद में ट्रंप ने शी के सम्मान में राजकीय रात्रिभोज भी आयोजित किया।

बैठकों के बारे में चीन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि दोनों देशों के आर्थिक एवं व्यापार दलों ने एक नई संयुक्त व्यवस्था पर सहमति जताई है जो दोनों देशों के उद्योगों एवं लोगों तथा पूरी विश्व अर्थव्यवस्था के लिए अच्छी खबर है।

ग्रीर ने कहा कि ट्रंप प्रशासन कृषि एवं ऊर्जा खरीद से जुड़ी प्रतिबद्धताओं का पालन सुनिश्चित करते हुए चीन के साथ निष्पक्ष, संतुलित तथा पारस्परिक व्यापार को बढ़ावा देना जारी रखेगा।

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) के अनुसार, अमेरिका गैर-संवेदनशील वस्तुओं के क्षेत्र में संतुलित व्यापार को बढ़ावा देने और अमेरिकी किसानों, विनिर्माताओं, कारोबारों तथा श्रमिकों के लिए बाजार पहुंच सुनिश्चित करने का भी प्रयास करेगा।

व्यापार व्यवस्था के लिए जारी संदर्भ शर्तों के अनुसार, दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि व्यापार बोर्ड का शुरुआती ध्यान दोनों देशों द्वारा आपसी सहमति से आयात किए जाने वाले करीब 30 अरब डॉलर के सामान की सूची पर विचार करने के लिए बातचीत पर होगा। इसका उद्देश्य इन सामान पर पारस्परिक रूप से कम शुल्क लागू करना है।

संदर्भ शर्तों में कहा गया कि मंजूर की गई दोनों सूचियों में शामिल उत्पादों पर भविष्य में शुल्क में कटौती प्रत्येक देश की घरेलू कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार तय और लागू की जाएगी।

अमेरिका की आयात सूची में शुल्क की 77 श्रेणियां शामिल हैं। इनमें प्लास्टिक के बर्तन, बिस्तर, छाते, रसोई के उपकरण, खेल उपकरण, क्रिसमस की सजावट का सामान आदि शामिल है।

बोर्ड की कार्यप्रणाली के तहत अमेरिका और चीन की ओर से क्रमशः वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और ग्रीर तथा चीन के उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग प्रमुख प्रतिनिधि होंगे।

दोनों पक्षों के उप प्रतिनिधियों ने उत्पादों के प्रस्ताव तैयार किए हैं और इनके तहत आने वाले सामान के व्यापार की निगरानी करेंगे।

इन उप प्रतिनिधियों की कम से कम हर तिमाही बैठक होने की उम्मीद है। वे सूचियों में बदलाव का प्रस्ताव भी दे सकते हैं, हालांकि दोनों सरकारों को उम्मीद है कि इनमें साल में एक बार से अधिक बदलाव नहीं किया जाएगा।

भाषा निहारिका वैभव

वैभव


लेखक के बारे में