जलमार्ग के जरिए बांग्लादेश को मेथेनॉल निर्यात करेगा असम: अधिकारी
जलमार्ग के जरिए बांग्लादेश को मेथेनॉल निर्यात करेगा असम: अधिकारी
डिब्रूगढ़, 27 सितंबर (भाषा) असम के डिब्रूगढ़ से मालवाहक जहाजों के जरिए ब्रह्मपुत्र नदी के रास्ते पड़ोसी देश बांग्लादेश को मेथेनॉल का निर्यात किया जाएगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
असम पेट्रो-केमिकल्स लिमिटेड (एपीएल) के चेयरमैन बिकुल डेका ने दावा किया कि इसके साथ ही आजादी के बाद पहली बार इस पूर्वी शहर से जलमार्ग के जरिए निर्यात मार्ग दोबारा शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि बांग्लादेश को मेथेनॉल का निर्यात करने के लिए एपीएल ने राज्य सरकार के अंतर्देशीय जल परिवहन विभाग के दो जहाजों को पट्टे पर लिया है।
पीएल राज्य सरकार का एक उपक्रम है, जो मेथेनॉल और फॉर्मेलिन का उत्पादन करता है। इसकी स्थापना पूर्वी असम के तेल क्षेत्रों में मौजूद प्राकृतिक गैस के विशाल भंडार का उपयोग करने के लिए की गई थी।
डेका ने शनिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ”इससे ब्रह्मपुत्र के रास्ते किफायती आयात-निर्यात का एक नया रास्ता खुलेगा।” एपीएल चेयरमैन ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह निर्यात औपचारिक रूप से कब शुरू होगा।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


