वेदांता एल्युमिनियम की अपनी उत्पादन क्षमता को दोगुना करने की योजना
वेदांता एल्युमिनियम की अपनी उत्पादन क्षमता को दोगुना करने की योजना
नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड (वीएएमएल) ने सोमवार को कहा कि वह बुनियादी ढांचे, मोटर वाहन और विद्युतीकरण क्षेत्रों से बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अपनी उत्पादन क्षमता दोगुनी करते हुए 60 लाख टन प्रतिवर्ष करने की योजना बना रही है।
वीएएमएल कंपनी हाल ही में बीएसई और एनएसई में सूचीबद्ध हुई है। वेदांता समूह के विभाजन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसने 15 जून से एक स्वतंत्र सूचीबद्ध इकाई के रूप में कारोबार शुरू किया है और विभाजन एक मई से प्रभावी हुआ है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि शेयर बाजार में सूचीबद्ध होना उसके विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे एल्युमिनियम कारोबार को स्वतंत्र पहचान मिली है।
बयान में कहा गया, ‘‘मौजूदा उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 60 लाख टन प्रतिवर्ष यानी दोगुना करना है। कच्चे माल की मजबूत उपलब्धता, उत्पादन श्रृंखला में व्यापक एकीकरण और लागत संबंधी संरचनात्मक लाभ के बल पर कंपनी दुनिया में सबसे कम उत्पादन लागत वाली एल्युमिनियम उत्पादकों में शामिल होने की दिशा में अग्रसर है।’’
वर्तमान में कंपनी की उत्पादन क्षमता 30 लाख टन प्रतिवर्ष है।
यह अमेरिका, यूरोप, पश्चिम एशिया, ऑस्ट्रेलिया और अफ्रीका में एल्युमिनियम उत्पादन के क्षेत्र में सबसे बड़ी कंपनी के रूप में उभर सकती है।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


