महाराष्ट्र में 8.5 अरब डॉलर का निवेश करेगा वियतनाम का विनग्रुप: फडणवीस

महाराष्ट्र में 8.5 अरब डॉलर का निवेश करेगा वियतनाम का विनग्रुप: फडणवीस

महाराष्ट्र में 8.5 अरब डॉलर का निवेश करेगा वियतनाम का विनग्रुप: फडणवीस
Modified Date: April 8, 2026 / 04:29 pm IST
Published Date: April 8, 2026 4:29 pm IST

मुंबई, आठ अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि वियतनाम की दिग्गज कंपनी ‘विनग्रुप’ अगले दो वर्षों के दौरान राज्य में 8.5 अरब डॉलर का निवेश करेगी। यह निवेश इलेक्ट्रिक वाहन, बुनियादी ढांचे, पर्यटन और मनोरंजन जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं से राज्य में लगभग 24,700 रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में विनग्रुप, राज्य उद्योग विभाग और मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर फडणवीस ने कहा, ‘विनग्रुप सही समय और सही जगह पर निवेश कर रहा है। मुंबई और रायगढ़ क्षेत्र आने वाले समय में वैश्विक स्तर पर सबसे गतिशील शहरी क्षेत्रों के रूप में उभरेंगे।’

उन्होंने कंपनी को सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

आधिकारिक बयान के अनुसार, विनग्रुप ने राज्य में लगभग 5,000 एकड़ क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाओं को विकसित करने का प्रस्ताव दिया है। इसके तहत लगभग 2,700 एकड़ में अत्याधुनिक ‘स्मार्ट टाउनशिप’ विकसित की जाएगी, जहां लगभग दो लाख लोगों के रहने की व्यवस्था होगी।

इलेक्ट्रिक वाहन के क्षेत्र में कंपनी बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा शुरू करने और पूरे राज्य में चार्जिंग नेटवर्क स्थापित करने की योजना बना रही है। इसके अलावा, कंपनी सामाजिक बुनियादी ढांचे के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्कूल और अस्पताल भी स्थापित करेगी।

स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए विनग्रुप 1,200 एकड़ क्षेत्र में 500 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना लगाएगी।

साथ ही, राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग 865 एकड़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर का थीम पार्क, चिड़ियाघर और सफारी बनाने का भी प्रस्ताव है।

भाषा सुमित अजय

अजय


लेखक के बारे में