विनग्रुप ने महाराष्ट्र में 6.5 अरब डॉलर निवेश की संभावनाएं तलाशने को राज्य के साथ किया समझौता
विनग्रुप ने महाराष्ट्र में 6.5 अरब डॉलर निवेश की संभावनाएं तलाशने को राज्य के साथ किया समझौता
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल (भाषा) वियतनाम के विनग्रुप ने महाराष्ट्र में कई क्षेत्रों में करीब 6.5 अरब डॉलर के निवेश की संभावनाओं का पता लगाने के लिए राज्य सरकार के साथ समझौता किया है।
कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि उसने महाराष्ट्र सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत मुंबई महानगर क्षेत्र और महाराष्ट्र में विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक निवेश की संभावनाओं को तलाशने के लिए सहयोगात्मक ढांचा तैयार किया गया है।
इसमें कहा गया कि करीब 6.5 अरब डॉलर के संभावित निवेश में एकीकृत शहरी टाउनशिप, इलेक्ट्रिक परिवहन समाधान, नवीकरणीय ऊर्जा और सामाजिक व सार्वजनिक अवसंरचना शामिल हैं।
विनग्रुप के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एशिया) फाम सान्ह चाउ ने कहा, ‘‘ महाराष्ट्र के साथ इस एमओयू पर हस्ताक्षर करना, भारत में विनग्रुप की दीर्घकालिक रणनीति की दिशा में एक और कदम है।’’
उन्होंने कहा कि तेलंगाना और तमिलनाडु के बाद कंपनी भारत के प्रमुख आर्थिक केंद्रों में अपनी मौजूदगी का विस्तार कर रही है। इसका मकसद शहरी विकास, सेवा अवसंरचना, इलेक्ट्रिक परिवहन और हरित ऊर्जा को शामिल करते हुए एक बहु-क्षेत्रीय समग्र परिवेश तैयार करना है।
बयान में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हवाले से कहा गया कि विनग्रुप द्वारा प्रस्तावित निवेश का पैमाना एवं दायरा राज्य की शहरी अवसंरचना को मजबूत करेगा, टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करेगा।
भाषा निहारिका रमण
रमण

Facebook


