गेहूं का निर्यात अप्रैल-नवंबर में 30 प्रतिशत बढ़कर 1.5 अरब डॉलर पर

गेहूं का निर्यात अप्रैल-नवंबर में 30 प्रतिशत बढ़कर 1.5 अरब डॉलर पर

गेहूं का निर्यात अप्रैल-नवंबर में 30 प्रतिशत बढ़कर 1.5 अरब डॉलर पर
Modified Date: December 30, 2022 / 08:58 pm IST
Published Date: December 30, 2022 8:58 pm IST

नयी दिल्ली, 30 दिसंबर (भाषा) गेहूं का निर्यात चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-नवंबर के दौरान 29.29 प्रतिशत बढ़कर 1.50 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले साल की समान अवधि में 1.17 अरब डॉलर था। वाणिज्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

हालांकि सरकार ने मई में गेहूं के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया था, लेकिन अनुरोध करने वाले देशों की खाद्य सुरक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिए थोड़ा बहुत निर्यात करने की अनुमति है।

मंत्रालय ने कहा कि बासमती चावल का निर्यात भी अप्रैल-नवंबर 2022 के दौरान 39.26 प्रतिशत बढ़कर 2.87 अरब डॉलर का हो गया, जबकि इसी अवधि में गैर-बासमती चावल का निर्यात 5 प्रतिशत बढ़कर 4.2 अरब डॉलर का रहा।

चालू वित्त वर्ष के आठ महीनों में गेहूं का निर्यात 29.29 प्रतिशत बढ़कर 150.8 करोड़ डॉलर का हो गया, जो अप्रैल-नवंबर 2021 में 116.6 करोड़ डॉलर रहा था।

चालू वित्त वर्ष के आठ महीनों में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों का निर्यात 16 प्रतिशत बढ़कर 17.43 अरब डॉलर का हो गया।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘वर्ष 2022-23 में, कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के लिए 23.56 अरब डॉलर का निर्यात लक्ष्य निर्धारित किया गया है और चालू वित्त वर्ष के आठ महीनों में 17.435 अरब डॉलर का निर्यात पहले ही हासिल किया जा चुका है।’’

चालू वित्तवर्ष के आठ महीनों में दाल का निर्यात 90.49 प्रतिशत बढ़कर 39.2 करोड़ डॉलर का रहा।

इसी तरह, डेयरी उत्पादों का निर्यात चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-नवंबर के दौरान 33.77 प्रतिशत बढ़कर 42.1 करोड़ डॉलर रहा जो एक साल पहले इसी अवधि में 31.5 करोड़ डॉलर रहा था।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण


लेखक के बारे में