यात्री वाहनों की थोक बिक्री मई में 27.3 प्रतिशत बढ़कर 4,38,854 इकाई: सियाम

यात्री वाहनों की थोक बिक्री मई में 27.3 प्रतिशत बढ़कर 4,38,854 इकाई: सियाम

यात्री वाहनों की थोक बिक्री मई में 27.3 प्रतिशत बढ़कर 4,38,854 इकाई: सियाम
Modified Date: June 15, 2026 / 11:57 am IST
Published Date: June 15, 2026 11:57 am IST

नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) घरेलू यात्री वाहनों की थोक बिक्री मई में सालाना आधार पर 27.3 प्रतिशत बढ़कर 4,38,854 इकाई हो गई। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों में कमी से उत्पन्न हुई मांग और आसान वित्तपोषण के प्रभाव से अधिक खरीद देखने को मिली। उद्योग संगठन सियाम ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मई 2025 में थोक बिक्री 3,44,656 इकाई रही थी।

सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) की ओर से जारी बयान के अनुसार, दोपहिया वाहनों की कुल बिक्री भी पिछले महीने 14.8 प्रतिशत बढ़कर 19,02,209 इकाई हो गई, जो मई 2025 में 16,57,116 इकाई थी।

सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा, ‘‘ यात्री वाहनों, तिपहिया और दोपहिया वाहनों ने मई 2026 में अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की, जिसमें प्रत्येक खंड में दोहरे अंकों की मजबूत वृद्धि हुई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ पिछले वर्ष मई के निम्न आधार प्रभाव और जीएसटी दरों में कमी से उत्पन्न मांग, साथ ही आसान वित्तपोषण के कारण इस महीने फिर से खपत में वृद्धि के रूप में दिख रही है।’’

तिपहिया वाहनों की थोक बिक्री पिछले महीने 31.1 प्रतिशत बढ़कर 70,720 इकाई हो गई जबकि एक वर्ष पहले इसी महीने में यह 53,942 इकाई थी।

यात्री वाहन खंड में यूटिलिटी वाहनों की थोक बिक्री 24.8 प्रतिशत बढ़कर 2,45,549 इकाई हो गई। मई 2025 में यह 1,96,821 इकाई थी।

सियाम के अनुसार, यात्री कारों की थोक बिक्री भी 28.8 प्रतिशत बढ़कर पिछले महीने 1,20,975 इकाई हो गई, जो एक वर्ष पहले इसी महीने में 93,951 इकाई थी।

घरेलू बाजार में वैन की बिक्री पिछले महीने 13,240 इकाई रही, जो मई 2025 में 12,327 इकाई के मुकाबले 7.4 प्रतिशत अधिक है।

दोपहिया खंड में मई 2026 में मोटरसाइकिल की बिक्री 7.2 प्रतिशत बढ़कर 11,13,973 इकाई हो गई, जबकि एक वर्ष पहले इसी महीने में यह 10,39,156 इकाई थी। स्कूटर की बिक्री में तेज वृद्धि दर्ज की गई, जो 27.4 प्रतिशत बढ़कर पिछले महीने 7,39,667 इकाई हो गई, जबकि मई 2025 में यह 5,80,696 इकाई थी।

उद्योग निकाय के अनुसार, कुल मिलाकर सभी श्रेणियों में थोक बिक्री मई में 16.8 प्रतिशत बढ़कर 23,52,693 इकाई हो गई, जो पिछले वर्ष इसी महीने में 20,14,158 इकाई थी।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में