अमरावती के विकास के लिए विश्व बैंक ने 34 करोड़ डॉलर जारी किए
अमरावती के विकास के लिए विश्व बैंक ने 34 करोड़ डॉलर जारी किए
अमरावती, 12 अप्रैल (भाषा) विश्व बैंक ने अमरावती राजधानी चरण-1 के विकास के लिए अब तक 34 करोड़ डॉलर जारी किए हैं। राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आंध्र प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों से अप्रैल के अंत तक अतिरिक्त 15 करोड़ डॉलर मिलने की संभावना है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘अप्रैल में हमें दोनों संस्थाओं (विश्व बैंक और एडीबी) से लगभग 13-15 करोड़ डॉलर और मिलेंगे।” इस ऋण पर ब्याज दर लगभग 8 से 8.5 प्रतिशत के बीच होगी, जो अंतरराष्ट्रीय दरों के आधार पर घटती-बढ़ती रहेगी।’’
विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने अमरावती राजधानी चरण-1 के विकास के लिए कुल 160 करोड़ डॉलर (प्रत्येक द्वारा 80 करोड़ डॉलर) देने की प्रतिबद्धता जताई है। इसके अलावा, केंद्र सरकार द्वारा घोषित 15,000 करोड़ रुपये की सहायता में से 1,400 करोड़ रुपये की राशि भी जल्द मिल जाएगी।
विश्व बैंक के एक प्रवक्ता ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘विश्व बैंक ने अप्रैल, 2026 तक 34 करोड़ डॉलर जारी कर दिए हैं। अमरावती एकीकृत शहरी विकास कार्यक्रम को ‘परिणाम आधारित रूपरेखा’ के तहत लागू किया जा रहा है। इसके तहत धन का वितरण एक निश्चित समय सारणी के बजाय विशिष्ट परिणामों से जुड़ा होता है।’’
भविष्य में धन जारी होना भी इन तय लक्ष्यों को पूरा करने पर निर्भर करेगा। इस ऋण के लिए छह साल की छूट अवधि दी गई है और इसकी अंतिम परिपक्वता अवधि 29 वर्ष है। विश्व बैंक के इस ऋण का पुनर्भुगतान 15 जून, 2031 से शुरू होगा।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय

Facebook


