जी एंटरटेनमेंट की 2,300 करोड़ रुपये जुटाने की योजना
जी एंटरटेनमेंट की 2,300 करोड़ रुपये जुटाने की योजना
नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (जेडईईएल) ने अपनी रणनीतिक और व्यावसायिक पहल को समर्थन देने के लिए एक या अधिक चरणों में कम से कम 2,300 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई है।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि निदेशक मंडल ने 10 जून को हुई बैठक में न्यूनतम 2,300 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।
हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि धन जुटाने के लिए किस माध्यम का इस्तेमाल किया जाएगा।
जेडईईएल ने कहा कि निदेशक मंडल ने पूंजी जुटाने के विभिन्न विकल्पों पर आगे विचार करने और उसके बाद अंतिम तौर पर धन जुटाने की प्रक्रिया तय करने का निर्णय लिया है।
कंपनी के अनुसार, प्रस्तावित पूंजी जुटाने का उद्देश्य उसकी वृद्धि योजनाओं और कारोबारी प्राथमिकताओं को समर्थन देना है।
इस महीने की शुरुआत में जेडईईएल ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल की वैश्विक संचालन संस्था फीफा के साथ आठ वर्ष की साझेदारी की घोषणा की थी, जिसके तहत वह भारतीय बाजार में फीफा के सभी मैचों का प्रसारण करेगी।
फीफा के साथ हुए समझौते के तहत जेडईईएल भारत में फीफा विश्व कप 2026 सहित फीफा के 39 वैश्विक फुटबॉल आयोजनों का प्रसारण करेगी। फीफा विश्व कप 2026 का आयोजन आज यानी 11 जून, 2026 से शुरू होगा।
भाषा योगेश अजय
अजय
अजय

Facebook


