जेडईईएल ने प्रर्वतक समूह की कंपनी को 20.94 करोड़ परिवर्तनीय वारंट आवंटित किए

Ads

जेडईईएल ने प्रर्वतक समूह की कंपनी को 20.94 करोड़ परिवर्तनीय वारंट आवंटित किए

  •  
  • Publish Date - August 22, 2026 / 03:44 PM IST,
    Updated On - August 22, 2026 / 03:44 PM IST

नयी दिल्ली, 22 अगस्त (भाषा) जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (जेडईईएल) ने प्रर्वतक समूह की कंपनी सनब्राइट मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड को 20.94 करोड़ पूर्ण परिवर्तनीय वारंट आवंटित किए हैं।

कंपनी के निदेशक मंडल द्वारा धन जुटाने की योजना को मंजूरी दिए जाने के करीब सात सप्ताह बाद यह आवंटन किया गया है।

इस महीने की शुरुआत में प्रतिभूति अपीलीय न्यायाधिकरण ने हैदराबाद जमीन गिरवी मामले में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के उस आदेश पर रोक लगा दी थी, जिसमें जेडईईएल को दो महीने और उसके मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पुनीत गोयनका को एक साल के लिए पूंजी बाजार से प्रतिबंधित किया गया था।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि तरजीही निर्गम एवं आवंटन समिति ने 21 अगस्त को वारंट आवंटित किए।

जेडईईएल ने कहा कि उसे वारंट के निर्गम मूल्य का 25 प्रतिशत यानी 31.5 रुपये प्रति वारंट के हिसाब से कुल 659.76 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है।

इन वारंट का आवंटन 126 रुपये प्रति वारंट की कीमत पर किया गया है। इससे कुल निर्गम का आकार करीब 2,639 करोड़ रुपये बैठता है, जो एक जुलाई को निदेशक मंडल द्वारा मंजूर की गई 24.95 करोड़ तक वारंट जारी करने की योजना के तहत 3,143.52 करोड़ रुपये तक की प्रस्तावित राशि से कम है।

कंपनी ने कहा कि वारंट धारक 21 अगस्त, 2026 को आवंटन की तारीख से अधिकतम 18 महीने के भीतर एक या एक से अधिक चरणों में इन्हें शेयरों में बदलने का विकल्प चुन सकता है। इसके लिए उसे वारंट के निर्गम मूल्य के 75 प्रतिशत यानी 94.5 रुपये प्रति वारंट का शेष भुगतान करना होगा।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय