छत्तीसगढ़ में 16 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

Ads

छत्तीसगढ़ में 16 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

  •  
  • Publish Date - December 4, 2021 / 10:44 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:43 PM IST

दंतेवाड़ा, चार दिसंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में ‘लोन वर्राटू’ (घर वापस आइए) अभियान से प्रभावित होकर 16 ​नक्सलियों ने शनिवार को सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। जिले के पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आज 16 नक्सलियों ने किरंदुल थाने में सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने ‘लोन वर्राटू’ अभियान से प्रभावित होकर तथा माओवादी संगठन की खोखली विचारधारा से तंग आकर सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण करने का फैसला किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के खिलाफ पुलिस दल पर हमला, सड़कों और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने तथा नक्सलियों के लिए भोजन की व्यवस्था करने का आरोप है।

उन्होंने बताया कि दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों की घर वापसी के लिए थाना, शिविरों और ग्राम पंचायतों में संबंधित क्षेत्र के सक्रिय माओवादियों का नाम चस्पा कर उनसे आत्मसमर्पण कर सम्मान पूर्वक जीवन यापन करने लिए आह्वान किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘लोन वर्राटू’ अभियान के तहत अब तक 119 इनामी नक्सली सहित कुल 475 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।

भाषा सं संजीव संजीव धीरज

धीरज