स्कोप्ये, 21 जुलाई (भाषा) भारत और उत्तरी मैसेडोनिया ने संयुक्त राष्ट्र में सुधार, सीधा संपर्क और व्यापार व पर्यटन को बढ़ावा देने के तरीकों जैसे मुद्दों पर चर्चा की। एक शीर्ष भारतीय राजनयिक ने यह जानकारी दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदा यात्रा के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए, विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि दोनों देशों के आपसी संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि इस दौरान दोनों पक्षों ने रिश्तों को और प्रगाढ़ बनाने के लिए सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान करने की जरूरत को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू की यात्रा भारत और उत्तरी मैसेडोनिया के रिश्तों में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है, क्योंकि यह किसी भारतीय राष्ट्रपति का दक्षिण-पूर्वी यूरोप के इस जमीन से घिरे देश का पहला द्विपक्षीय दौरा है।
जॉर्ज ने कहा कि यह दौरा उत्तरी मैसेडोनिया के साथ अपनी साझेदारी को मज़बूत करने के भारत के संकल्प को दोहराता है और यूरोप के साथ उसके व्यापक जुड़ाव को दर्शाता है।
भाषा धीरज रंजन
रंजन