रायपुर में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के बाद राहुल गांधी ने सड़क किनारे एक दुकान पर कॉफी पी

रायपुर में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के बाद राहुल गांधी ने सड़क किनारे एक दुकान पर कॉफी पी

रायपुर में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के बाद राहुल गांधी ने सड़क किनारे एक दुकान पर कॉफी पी
Modified Date: June 21, 2026 / 08:43 pm IST
Published Date: June 21, 2026 8:43 pm IST

रायपुर, 21 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने आए पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने रविवार को दिल्ली लौटने के दौरान रायपुर के स्वामी विवेकानंद हवाईअड्डे के पास सड़क किनारे एक दुकान पर अचानक रुककर कॉफी और स्नैक्स का आनंद लिया।

रायपुर के अभनपुर इलाके के एक भवन में शनिवार को शुरू हुआ प्रशिक्षण शिविर 10 दिनों तक चलेगा। शिविर के दुसरे दिन रविवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों को संबोधित किया। वापसी के दौरान वह हवाईअड्डे से कुछ दूरी पर मौजूद ‘द स्नैक बार’ पर रुके।

इस दौरान कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और वरिष्ठ नेता चरण दास महंत भी मौजूद थे।

दुकान में काम करने वाले अयान ने ‘पीटीआई वीडियो’ सेवा को बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कॉफी और सैंडविच का ऑर्डर दिया और दुकान पर लगभग आधा घंटा बिताया।

अयान ने कहा, ‘‘गांधी का व्यवहार बहुत अच्छा था। उन्होंने हमसे बात की, हाथ मिलाया और तस्वीरें खिंचवाईं।’’

इससे पहले, गांधी ने रायपुर जिले के अभनपुर कस्बे में एक रिसॉर्ट में प्रदेश कांग्रेस के ‘संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर’ में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और अन्य लोगों के साथ बातचीत करते हुए लगभग तीन घंटे बिताए।

पार्टी के एक नेता ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के लिए 20 से 29 जून तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का मकसद पार्टी संगठन को मजबूत करना और जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ाव बढ़ाना है।

उन्होंने बताया कि शिविर स्थल पर पहुंचने के बाद गांधी ने एक पौधा लगाया और पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास का संदेश दिया।

गांधी ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस द्वारा चलाए गए विभिन्न जन-आंदोलनों, अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों को दिखाने वाली एक प्रदर्शनी का भी दौरा किया। इस दौरान, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राहुल गांधी को पार्टी की गतिविधियों और राज्य भर में जनता के मुद्दों पर किए गए आंदोलनों के बारे में जानकारी दी।

कांग्रेस नेता ने बताया कि गांधी ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों को लगभग डेढ़ घंटे तक संबोधित किया और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें भी कीं।

उन्होंने बताया कि गांधी ने ‘जल, जंगल और जमीन’ संसाधनों के संरक्षण के लिए काम करने वाले संगठनों के पदाधिकारियों से भी बातचीत की। गांधी शाम करीब 7.10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुए।

भाषा संजीव शफीक

शफीक


लेखक के बारे में