छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने खरगे और गांधी के खिलाफ हिमंत की टिप्पणियों की निंदा की

Ads

छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने खरगे और गांधी के खिलाफ हिमंत की टिप्पणियों की निंदा की

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 07:56 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 07:56 PM IST

रायपुर, आठ अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ की गई कथित टिप्पणियों की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया।

प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, लोकतंत्र में उसके लिये कोई जगह नहीं है।

कांग्रेस की छत्तीसगढ़ की इकाई के अध्यक्ष दीपक बैज ने संवाददाताओं को बताया कि यह प्रस्ताव यहां राजीव भवन स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी की जिला इकाइयों के अध्यक्षों और प्रभारियों की बैठक के दौरान पारित किया गया।

शर्मा के कथित बयानों की निंदा करते हुए बैज ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ‘अपमानजनक और अशोभनीय भाषा’ का इस्तेमाल बेहद आपत्तिजनक है और यह लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करता है।

उन्होंने आगे कहा कि सभी जिला अध्यक्षों और पार्टी नेताओं ने सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव का समर्थन किया, और प्रदेश कांग्रेस समिति ने इन टिप्पणियों की कड़ी भर्त्सना की।

इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा में विपक्ष के नेता चरण दास महंत और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव शामिल हुए।

बैज ने बताया कि बैठक के दौरान संगठनात्मक लक्ष्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा कि जिला, ब्लॉक, ग्राम पंचायत और वार्ड समितियों सहित विभिन्न स्तरों पर समितियों के गठन के संबंध में जिला अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ आमने-सामने चर्चा की गई।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने 27 हजार से अधिक बूथ समितियों और 15 हजार से अधिक पंचायत और वार्ड समितियों के गठन का लक्ष्य रखा है, और इस दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि सभी समितियों का गठन 15 अप्रैल तक पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद उन्हें नए कार्य सौंपे जाएंगे।

बैठक के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए भूपेश बघेल ने शर्मा और भारतीय जनता पार्टी पर ‘वोट बैंक की राजनीति’ करने और ‘दोहरा मापदंड’ अपनाने का आरोप लगाया।

उन्होंने बीफ (गोमांस) के सेवन से जुड़े बयानों को लेकर शर्मा की आलोचना की और कहा कि पहले शर्मा ने कहा था कि बीफ पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाएगा, लेकिन बाद में जब उन्हें लोगों की कड़ी प्रतिक्रिया का सामना करना पड़ा, तो वे अपने बयान से पलट गए और कहा कि लोग अपने घरों के भीतर बीफ का सेवन कर सकते हैं।

इससे पहले रायपुर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बात करते हुए, बघेल ने आरोप लगाया कि असम सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई शिकायतों पर भारत निर्वाचन आयोग, प्रवर्तन निदेशालय और केंद्रीय जांच ब्यूरो ने कोई कार्रवाई नहीं की है।

बघेल ने यह भी दावा किया कि असम की जनता ने बदलाव का मन बना लिया है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने हाल ही में आरोप लगाया था कि शर्मा की पत्नी, रिंकी भुइयां शर्मा के पास कई पासपोर्ट और विदेश में संपत्ति है, जिनका मुख्यमंत्री के चुनावी हलफनामे में जिक्र नहीं किया गया था।

शर्मा ने कथित तौर पर खरगे पर निशाना साधते हुए दावा किया था कि वे बुढ़ापे के कारण ‘पागलों जैसी बातें’ कर रहे हैं।

भाषा संजीव रंजन

रंजन