फर्जी हस्ताक्षर कर किसान के खाते से रकम निकालने की मुख्यमंत्री ने जांच का निर्देश दिया

फर्जी हस्ताक्षर कर किसान के खाते से रकम निकालने की मुख्यमंत्री ने जांच का निर्देश दिया

फर्जी हस्ताक्षर कर किसान के खाते से रकम निकालने की मुख्यमंत्री ने जांच का निर्देश दिया
Modified Date: June 27, 2024 / 10:21 pm IST
Published Date: June 27, 2024 10:21 pm IST

रायपुर, 27 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसान के खाते से फर्जी हस्ताक्षर कर रकम निकालने की शिकायत के बाद मामले की जांच करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि जनदर्शन कार्यक्रम में आज आम जनता ने अपनी शिकायतों और अपेक्षाओं को मुख्यमंत्री साय के सामने रखा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आज शुरू हुए जनदर्शन कार्यक्रम में किसान ओम प्रकाश ने साय से मुलाकात कर बताया कि उसके सहकारी बैंक के खाते से फर्जी तरीके से न सिर्फ राशि निकाली गई है, बल्कि उनके नाम से फर्जी तरीके से ऋण भी लिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने किसान ओम प्रकाश की इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर के जिलाधिकारी को तत्काल मामले की जांच कराने तथा दोषी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही करने के साथ ही किसान को राशि वापस कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि जनदर्शन कार्यक्रम में बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र के नवागढ़ गांव के निवासी किसान ओमप्रकाश ने बताया कि उसके सहकारी बैंक खाते से रमेश साहू ने फर्जी हस्ताक्षर कर तीन बार में कुल 27 हजार रूपए निकाल लिये। साहू सेवा सहकारी समिति सीपत में कम्प्यूटर ऑपरेटर है।

किसान ने बताया कि निकास पर्ची निकालने पर पता चला कि रमेश साहू ने उसके नाम का फर्जी हस्ताक्षर कर रकम निकाली है। रमेश साहू ने किसान की नाबालिग बेटी को बहला-फुसला कर उससे बैंक पासबुक ले लिया और फर्जी तरीके से राशि निकाल ली।

किसान ओम प्रकाश ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि उसके नाम पर किसी ने फर्जी तरीके से 2019 में 16 हजार रुपए का ऋण भी लिया।

अधिकारियों ने बताया कि किसान की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने मामले की जांच करने का निर्देश दिया है।

भाषा संजीव

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में