छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर शुरू, रविवार को राहुल गांधी होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर शुरू, रविवार को राहुल गांधी होंगे शामिल
रायपुर, 20 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर शनिवार को रायपुर के अभनपुर इलाके में शुरू हुआ। इस शिविर में रविवार को वरिष्ठ नेता राहुल गांधी भी शामिल होंगे। कांग्रेस नेताओं ने यह जानकारी दी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि कांग्रेस के जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर आज से अभनपुर में शुरू हो गया।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिये छत्तीसगढ़ के कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और प्रभारी सचिव एस.सम्पत, जरिता लैतफलांग और विजय जांगिड़ रायपुर पहुंच चुके हैं। प्रशिक्षण देने के लिये एआईसीसी के प्रशिक्षक सचिन राव भी अपने दल के साथ रायपुर पहुंच गए हैं।
शुक्ला ने बताया कि पार्टी के जिला अध्यक्ष भी प्रशिक्षण स्थल पहुंच चुके हैं।
उन्होंने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 21 जून को दोपहर 2.15 बजे विमान से रायपुर पहुंचेंगे तथा सीधे प्रशिक्षण स्थल जायेंगे। गांधी शाम लगभग 6.40 बजे विमान से दिल्ली रवाना होंगे।
प्रशिक्षण के तहत जिला अध्यक्ष क्षेत्र दौरा करेंगे, श्रमदान करेंगे, गांव में रात्रि विश्राम करेंगे तथा इसके साथ ही विषय विशेषज्ञ विभिन्न समसामयिक विषयों की जानकारी देंगे।
भाषा संजीव शफीक
शफीक

Facebook


