पूर्व भाजपा विधायक का सपा विधायक पर झूठा शपथपत्र देने का आरोप, राकेश यादव का आरोपों से इनकार

पूर्व भाजपा विधायक का सपा विधायक पर झूठा शपथपत्र देने का आरोप, राकेश यादव का आरोपों से इनकार

पूर्व भाजपा विधायक का सपा विधायक पर झूठा शपथपत्र देने का आरोप, राकेश यादव का आरोपों से इनकार
Modified Date: June 13, 2026 / 04:55 pm IST
Published Date: June 13, 2026 4:55 pm IST

बलरामपुर (उप्र), 13 जून (भाषा) बलरामपुर जिले के गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक राकेश यादव पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’ ने चुनावी शपथ पत्र में तथ्य छुपाने और झूठी जानकारी देने का आरोप लगाया है।

उन्‍होंने निर्वाचन आयोग और मुख्यमंत्री से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

‘शैलू’ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश पर्यटन आवास गृह में पत्रकारों से कहा कि उपचुनाव के दौरान सपा प्रत्याशी एवं वर्तमान विधायक राकेश यादव ने लखनऊ, बलरामपुर और गैसड़ी क्षेत्र की कई चल-अचल संपत्तियों को छिपाकर निर्वाचन आयोग को झूठा शपथ पत्र सौंपा है, जो कानूनन अपराध है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा विधायक ने खलिहान की सरकारी भूमि पर कब्जा कर विद्यालय बना रखा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी शासनकाल में एक दलित महिला की जमीन पर भी अवैध कब्जा किया गया, जो आज तक नहीं हटा।

पूर्व विधायक ने मांग की कि यादव द्वारा दिए गए झूठे शपथ पत्र और सरकारी भूमि पर कब्जे के मामलों की निष्पक्ष जांच कराकर ठोस कार्रवाई की जाए।

हालांकि यादव ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘पूर्व विधायक भाजपा सरकार होने के बावजूद दो बार बुरी तरह चुनाव हार चुके हैं। वह 2027 विधानसभा चुनाव में सपा की संभावित जीत को देखते हुए बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।’’

शपथ पत्र को लेकर उन्होंने कहा, ‘‘यह सब जनता के सामने है। सभी जानते हैं कि मैंने कोई गलत काम नहीं किया है। केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। चाहें तो मामले की जांच करा लें।’

भाषा सं आनन्‍द

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में