sukma news/ image source: IBC24
Naxali Surrender News: सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। यहां कुल 15 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जिनमें ओडिशा स्टेट कमेटी का सदस्य सुदर्शन भी शामिल है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ये सभी नक्सली सरायपाली क्षेत्र के बलौदा जंगल इलाके में सक्रिय थे और लंबे समय से नक्सली संगठन के लिए काम कर रहे थे। लगातार चल रहे ऑपरेशन और आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर इन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़ने का फैसला लिया।
सुरक्षाबल के जवानों को मिली बड़ी सफलता, #Sukma | #Chhattisgarh | #AntiNaxalOperation | Anti-Naxal Operationhttps://t.co/nLfNxBFE3X
— IBC24 News (@IBC24News) March 1, 2026
सरेंडर करने वाले नक्सलियों ने हथियारों का भी जखीरा सौंपा है। जानकारी के मुताबिक कुल 14 ऑटोमैटिक और देशी हथियार सुरक्षाबलों को दिए गए, जिनमें रायफल और अन्य घातक हथियार शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि ये नक्सली कई घटनाओं में शामिल रहे थे और सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बने हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सभी लाभ दिए जाएंगे, ताकि वे मुख्यधारा में लौटकर सामान्य जीवन जी सकें।
इस पूरे आत्मसमर्पण अभियान के दौरान मौके पर IBC24 के संवाददाता राजा राठौर भी मौजूद रहे और उन्होंने सरेंडर प्रक्रिया को करीब से कवर किया। अधिकारियों ने बताया कि सुकमा और आसपास के इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और जो भी नक्सली हथियार छोड़कर समाज में लौटना चाहते हैं, उनके लिए सरकार के दरवाजे खुले हैं। पुलिस ने इसे क्षेत्र में शांति स्थापना की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया है।