बिलासपुर में पांच वर्षीय बच्ची से बलात्कार के बाद तनाव का माहौल; आरोपी को हिरासत में लिया गया
बिलासपुर में पांच वर्षीय बच्ची से बलात्कार के बाद तनाव का माहौल; आरोपी को हिरासत में लिया गया
बिलासपुर, सात मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के एक गांव में शनिवार को उस समय तनाव का माहौल व्याप्त हो गया, जब पांच वर्षीय एक बच्ची के साथ कथित तौर पर 15 वर्षीय एक लड़के ने बलात्कार किया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को हुई। पुलिस ने बताया कि यह आरोप है कि लड़के ने लड़की को खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि घटना की खबर फैलते ही भीड़ जमा हो गई और आरोपी के घर में तोड़फोड़ की। पुलिस ने बताया कि दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दी गईं और बाहर खड़ी स्कूटर में आग लगा दी गई।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार रात तक हंगामा जारी रहा। भीड़ ने आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग की, लेकिन पुलिस ने भीड़ को शांत करने में कामयाबी हासिल की और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी और पीड़िता दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। शनिवार सुबह पीड़िता के घर के बाहर विश्व हिंदू परिषद के बड़ी संख्या में सदस्यों के जमा होने से माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
विरोध प्रदर्शनों और हंगामे के बीच स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची।
बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को आरोपी को हिरासत में ले लिया और उस पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रशासन ने स्थानीय निवासियों से संयम बरतने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की है।
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप

Facebook


