छत्तीसगढ़ के जशपुर में पुलिस संचार टावर में चढ़कर महिला ने लगाई फांसी

छत्तीसगढ़ के जशपुर में पुलिस संचार टावर में चढ़कर महिला ने लगाई फांसी

छत्तीसगढ़ के जशपुर में पुलिस संचार टावर में चढ़कर महिला ने लगाई फांसी
Modified Date: May 26, 2026 / 02:54 pm IST
Published Date: May 26, 2026 2:54 pm IST

जशपुर, 26 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक पुलिस थाने के सामने स्थित पुलिस संचार टावर से लटककर 22 साल की एक महिला ने आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों और वहां मौजूद लोगों ने उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए काफी समझाने-बुझाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए।

उन्होंने बताया कि यह घटना कुनकुरी पुलिस थाने के ठीक सामने हुई।

अधिकारियों ने बताया कि टावर पर चढ़ने से पहले महिला निलिमा लाकड़ा ने राज्य की पुलिस आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा ‘डायल 112’ पर कॉल किया था।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही एक पुलिस दल मौके पर पहुंचा, और बाद में होम गार्ड, जिला आपदा प्रतिक्रिया बल तथा स्थानीय नगर पंचायत के कर्मचारी भी वहां पहुंच गए।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने लगातार उसे समझाने और नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन उसने उन प्रयासों के सफल होने से पहले ही अपने दुपट्टे से फांसी लगा ली।

जशपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया, ‘शव को टावर से नीचे उतार लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।’

अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार लकड़ा इलाके के धुमाडांड गांव की रहने वाली थी तथा वह मानसिक बीमारी से जूझ रही थी। उसने पहले भी आत्महत्या करने की कोशिश की थी।

उन्होंने बताया, ‘उसकी मां ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से अपने फोन पर यह वीडियो देख रही थी कि आत्महत्या कैसे की जाती है।’

अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटना के बारे में और अधिक जानकारी जुटाने के लिए उसके परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है, और मामले की आगे की जांच जारी है।

लाकड़ा की मां, पुष्पा लाकड़ा ने बताया कि उनकी बेटी सोमवार को फोन पर बात करते हुए घर से निकली थी। बाद में उसने परिवार को बताया कि वह धुमाडांड गांव से लगभग छह किलोमीटर दूर कुनकुरी में है, लेकिन वह घर वापस नहीं लौटी।

उन्होंने कहा, ‘आज सुबह हमें इस घटना के बारे में जानकारी मिली। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। वह अपने फोन पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने से जुड़े वीडियो देख रही थी।’

पुलिस ने मौके पर जमा हुए लोगों को इस घटना के वीडियो और ‘रील्स’ बनाने से रोक दिया।

भाषा सं संजीव

मनीषा रंजन

रंजन


लेखक के बारे में