‘मिशन हरियालो राजस्थान’ के तहत मानसून में 10 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे
‘मिशन हरियालो राजस्थान’ के तहत मानसून में 10 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे
जयपुर, चार अप्रैल (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ‘मिशन हरियालो राजस्थान’ के तहत इस मानसून सीजन में 10 करोड़ पौधे लगाना है।
वन विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण अभियान के लिए मानसून शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं और इसकी लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य राजस्थान को अधिक हरा-भरा बनाना है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करना होगा।”
अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू होगा और जुलाई, अगस्त तथा सितंबर के महीनों में तेजी पकड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पौधारोपण स्थलों की अग्रिम तैयारी, जैसे घेराबंदी और गड्ढों की खुदाई, सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और भारतीय रेलवे के साथ समन्वय स्थापित कर सड़कों, चारागाह भूमि और रेलवे परिसरों में पौधारोपण करने को कहा।
शर्मा ने ‘नमो वन’ और ‘नमो नर्सरी’ योजनाओं को बढ़ावा देने, किसानों को मुफ्त फलदार पौधे उपलब्ध कराने, स्थानीय प्रजातियों को प्राथमिकता देने तथा पहाड़ी और वन क्षेत्रों में ड्रोन सीडिंग जैसी तकनीकों को अपनाने पर भी जोर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2024 से 2028 के बीच 50 करोड़ पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।
भाषा
पृथ्वी रवि कांत

Facebook


