अंबाला शहर के पास निर्माणाधीन इमारत ढही, 10 लोग घायल

Ads

अंबाला शहर के पास निर्माणाधीन इमारत ढही, 10 लोग घायल

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 09:03 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 09:03 PM IST

अंबाला, 27 सितंबर (भाषा) अंबाला शहर के पास रविवार को एक गांव में छत डालने के दौरान निर्माणाधीन इमारत ढह गई जिससे कम से कम 10 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

धूलकोट गांव में हुई इस घटना में कई मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे।

एक घायल मजदूर ने बताया कि करीब 10 मजदूर नीचे काम कर रहे थे, जबकि 15 मजदूर ऊपर ‘स्लैब’ डालने के काम में लगे थे।

घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस तथा आपातकालीन सेवाओं को सूचना देने से पहले बचाव कार्य शुरू कर दिया।

पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तुरंत बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का काम शुरू किया।

एक अधिकारी ने बताया कि मिट्टी हटाने वाली भारी मशीनों और अन्य उपकरणों की मदद से युद्ध स्तर पर मलबा हटाया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि घायल 10 मजदूरों को अंबाला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा आशंका है कि कुछ और मजदूर मलबे में फंसे हो सकते हैं।

अधिकारी ने बताया कि मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

पुलिस ने कहा कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की जांच शुरू की जाएगी।

भाषा

शुभम नरेश

नरेश