केरल में कोविड-19 के 12,288 नए मामले, 141 मरीजों की मौत
केरल में कोविड-19 के 12,288 नए मामले, 141 मरीजों की मौत
तिरुवनंतपुरम, सात अक्टूबर (भाषा) केरल में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 12,288 नए मामले सामने आने के साथ ही कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 47,63,722 हो गई। राज्य में इसके अलावा महामारी से 141 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की तादाद 25,952 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।
विज्ञप्ति के मुताबिक राज्य में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,18,744 है। केरल में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 15,808 मरीज संक्रमणमुक्त भी हुए, जिससे राज्य में इस जानलेवा वायरस के संक्रमण को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 46,18,408 हो गई है।
विज्ञप्ति में कहा गया कि केरल में बीते 24 घंटे के दौरान 99,312 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच हुई।
विज्ञप्ति के अनुसार राज्य के 14 जिलों में से एर्णाकुलम में सर्वाधिक 1,839 नए मामले सामने आए। इसके बाद त्रिशूर में 1,698, तिरुवनंतपुरम में 1,435 जबकि कोझिकोड में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,033 नए मामले सामने आए।
गौरतलब है कि अगस्त में ओणम त्योहार के बाद केरल में एक समय प्रतिदिन कोविड-19 के 30 हजार से अधिक नए मामले सामने आ रहे थे। लेकिन, अब संक्रमण के नए मामलों में लगातार गिरावट देखी जा रही है।
राज्य में कुल 3,77,128 लोगों को निगरानी में रखा गया है, जिसमें से 14,684 लोग विभिन्न अस्पतालों में पृथक-वास में हैं। भाषा रवि कांत पवनेश
पवनेश

Facebook


