त्योहारों से पहले दिल्ली में अवधि समाप्त वाली 131 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट की गई

Ads

त्योहारों से पहले दिल्ली में अवधि समाप्त वाली 131 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट की गई

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 10:34 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 10:34 PM IST

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) दिल्ली में खाद्य सुरक्षा दलों ने त्योहारों के मौसम को देखते हुए मिठाई की दुकानों और उत्पादन इकाइयों में जांच तेज करते हुए दूध से बने उत्पादों और मिठाइयों के 37 नमूने एकत्र किए जबकि उपयोग की अवधि समाप्त हो चुकी करीब 131 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट की। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन से पहले विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत ओखला, बादली, निहाल विहार और नरेला स्थित मिठाई उत्पादन इकाइयों के अलावा ओखला सब्जी मंडी और घंटाघर सब्जी मंडी में भी जांच की गई।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत पनीर, खोया, घी, मिठाइयों और अन्य दुग्ध उत्पादों के नमूने एकत्र किए गए।

विभाग ने बताया कि जांच के दौरान खोया, बेसन और आटा समेत 131 किलोग्राम उपयोग की अवधि समाप्त हो चुकी खाद्य सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए निर्धारित खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं में भेजा गया है, जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारों के मौसम में दूध, दुग्ध उत्पादों और मिठाइयों की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए विभाग ने अपने प्रवर्तन दलों को बाजारों, खाद्य प्रतिष्ठानों, उत्पादन इकाइयों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है।

भाषा शफीक माधव

माधव