अरुणाचल से लापता 15 वर्षीय लड़की राजस्थान में मिली

Ads

अरुणाचल से लापता 15 वर्षीय लड़की राजस्थान में मिली

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 01:35 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 01:35 PM IST

ईटानगर, 12 अप्रैल (भाषा) पिछले साल दिसंबर से लापता अरुणाचल प्रदेश की 15 वर्षीय लड़की राजस्थान के बांसवाड़ा जिले से मिली है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

राजधानी के पुलिस अधीक्षक जुम्मार बासर ने बताया कि ईटानगर के महिला थाने में 30 दिसंबर को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी जिसके बाद भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और उसे मिली अन्य सूचनाओं के आधार पर किशोरी के बांसवाड़ा में होने का पता लगाया।

अधिकारी ने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि 25 वर्षीय एक व्यक्ति ने ‘स्नैपचैट’ के जरिए लड़की से दोस्ती की थी और कथित तौर पर प्रेम संबंध का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति को स्थानीय पुलिस की मदद से नौ अप्रैल को राजस्थान के डूंगरपुर जिले से गिरफ्तार किया गया। उसे डूंगरपुर की विशेष पॉक्सो अदालत में पेश किया गया जिसने उसे अरुणाचल प्रदेश ले जाने के लिए 11 अप्रैल को उसका ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दिया।

अधिकारी ने कहा कि लड़की को चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराई गई है और उसे आश्रय गृह में रखा गया है।

बासर ने पुलिस दल की सराहना की और अभिभावकों से अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों को लेकर सतर्क रहने की अपील की।

भाषा

सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल