नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली में अवैध हथियारों, अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ 24 घंटे के अभियान के दौरान पांच महिलाओं सहित 16 अपराधियों को गिरफ्तार किया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गहन छापेमारी और तलाशी के दौरान मादक पदार्थों के 12 कथित तस्करों व तीन अवैध शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा प्रतिबंधित चाकू बरामद होने के बाद दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
उत्तर पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव ने बताया, ‘अभिायान के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अवैध शराब भी बरामद की।’
उन्होंने कहा कि यह अभियान अशोक विहार, भारत नगर, केशव पुरम, सुभाष प्लेस, मौर्य एन्क्लेव, शालीमार बाग, महिंद्रा पार्क, जहांगीर पुरी, आदर्श नगर और मॉडल टाउन की टीमों द्वारा चलाया गया था।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव