जम्मू में 17 वर्षीय लापता लड़का मृत पाया गया, परिजनों ने जांच की मांग की
जम्मू में 17 वर्षीय लापता लड़का मृत पाया गया, परिजनों ने जांच की मांग की
जम्मू, 28 मार्च (भाषा) जम्मू में शनिवार को एक नदी के किनारे 17 वर्षीय एक लड़के का शव पाया गया जिसके बाद उसके परिजनों ने जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि लड़के के लापता होने के कुछ दिन बाद उसकी मौत होना किसी साजिश का हिस्सा है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने इस घटना के संबंध में पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है।
उन्होंने बताया कि मीरान साहिब क्षेत्र में बकरवाल समुदाय के जफर हुसैन पर इस सप्ताह की शुरुआत में गुर्जर समुदाय के कुछ लोगों ने कथित तौर पर हमला किया था जिसके बाद वह लापता हो गया था।
अधिकारियों ने कहा कि तलाशी अभियान के दौरान हुसैन का शव सिंबल कैंप क्षेत्र में बलोले नदी के पास पाया गया।
उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
जैसे ही यह खबर फैली, हुसैन के परिजनों ने स्थानीय थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और ‘रहस्यमय’ परिस्थिति में उसके लापता होने तथा बाद में उसकी मौत की गहन जांच की मांग की।
भाषा राजकुमार संतोष
संतोष

Facebook


