उप्र की 17 साल की लड़की से चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म; चालक, परिचालक गिरफ्तार
उप्र की 17 साल की लड़की से चलती बस में सामूहिक दुष्कर्म; चालक, परिचालक गिरफ्तार
(तस्वीर के साथ)
नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) इस महीने की शुरुआत में बारिश के बीच रात में ग्रेटर नोएडा से बस में सवार हुई 17 वर्षीय एक लड़की के साथ बस के चालक और परिचालक ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में उसे 40 किलोमीटर से अधिक दूर राष्ट्रीय राजधानी के कश्मीरी गेट इलाके में छोड़ दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना चार अगस्त की रात की है, जब उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले की रहने वाली पीड़िता नोएडा में अपने रिश्तेदार से मिलने जा रही थी। इस वारदात ने 2012 के निर्भया सामूहिक दुष्कर्म एवं हत्या मामले की यादों को ताजा कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, तीन अगस्त को लड़की की मां ने उसे डांटा था, जिससे नाराज होकर चार अगस्त को उसने अपना घर छोड़ दिया था। वह नोएडा सेक्टर 63 के लिए बस में चढ़ी, जहां उसका करीबी रिश्तेदार रहता है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि बारिश हो रही थी और वह गलती से रात नौ बजे के आसपास परी चौक पर उतर गई। वह 11वीं कक्षा की छात्रा है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि तेज़ बारिश हो रही थी और उसे एहसास हुआ कि वह अपने रिश्तेदार के घर से लगभग 25 किमी दूर है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बताया कि जब वह परिवहन के साधन की तलाश कर रही थी, तब एक बस उसके पास आकर रुकी।
पुलिस के अनुसार, परिचालक ने कथित तौर पर लड़की से कहा कि वे नोएडा सेक्टर 63 जा रहे हैं और उसे वहां छोड़ देंगे। पुलिस के मुताबिक, उसकी बातों पर भरोसा कर वह बस में चढ़ गई।
पुलिस के अनुसार, हालांकि, बस उस रात नियमित यात्री सेवा के रूप में नहीं चल रही थी। ट्रैवल कंपनी और जांचकर्ताओं के मुताबिक, तकनीकी खराबी आने के बाद इसे मरम्मत के लिए ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित एक कार्यशाला में ले जाया गया था।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने शाम करीब पांच बजे कार्यशाला से बस ली और रात करीब नौ बजे रवाना हुए।
उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने बताया कि चार अगस्त की रात को कश्मीरी गेट थाने में 17 वर्षीय लड़की ने आकर सूचना दी कि उसके साथ नोएडा में एक बस में दुष्कर्म हुआ है।
उन्होंने बताया, “पूछताछ के दौरान यह पता चला कि लड़की मैनपुरी से नोएडा के सेक्टर 63 में अपने एक रिश्तेदार के घर जा रही थी। ग्रेटर नोएडा में परी चौक से नोएडा के सेक्टर 63 के रास्ते में लड़की के साथ दुष्कर्म हुआ। घटना के उपरांत बस चालक और परिचालक ने पीड़िता को घटनास्थल से दूर कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र के तहत आने वाले रिंग रोड पर बस से उतार दिया।”
डीसीपी ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए तथा नये आपराधिक कानूनों के अनुसार अधिकार क्षेत्र के मुद्दे में न जाते हुए पीड़िता की तुरंत मेडिकल जांच कराई गई और मामला दर्ज दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि साथ ही सीसीटीवी कैमरों की सहायता से कुछ ही घंटों में बस का भी पता लगा लिया गया और दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान बस चालक कुलदीप (39) और परिचालक संदीप (26) के तौर पर हुई है और दोनों कानपुर के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि उन्हें चार अगस्त को उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर में एक पार्किंग स्थल से गिरफ्तार किया गया था और बस को जब्त कर लिया गया है।
भट्ट ने बताया कि पीड़िता को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया और उनके आदेशानुसार लड़की को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया ।
अपनी आपबीती बताते हुए पीड़िता ने कहा कि परिचालक ने कथित तौर पर उसके साथ अनुचित व्यवहार किया और उसका यौन उत्पीड़न किया, जिसमें चालक भी शामिल था।
पुलिस ने कहा कि दोनों लोगों ने कथित तौर पर विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। बाद में किशोरी की मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई।
बस ग्रेटर नोएडा से कश्मीरी गेट तक लगभग 43 किलोमीटर का सफर बिना रुके तय करती रही और इस दौरान वह सीसीटीवी कैमरों, पुलिस चौकियों तथा बैरिकेड वाले कई स्थानों से होकर गुजरी।
जांचकर्ता अब यह पता लगाने के लिए मार्ग की जांच कर रहे हैं कि बस इतनी लंबी दूरी तक बिनी किसी जांच के कैसे चली गई और उन सटीक स्थानों की पहचान की जा रही है, जहां वह लड़की को छोड़ने से पहले रुकी होगी।
एक पुलिस अधिकारी ने नाम न छापने का अनुरोध करते हुए कहा कि इस मार्ग में बड़े पैमाने पर रिंग रोड और राजमार्ग शामिल हैं, जहां जगह-जगह नाके लगाना मुश्किल है, क्योंकि इससे गंभीर यातायात जाम लग सकता है। अधिकारी ने कहा, हालांकि, पुलिस नोएडा प्रवेश बिंदु पर दिल्ली सीमा के पास तैनात है।
बस का संचालन करने वाले विश्वनाथ ट्रैवल्स के प्रबंधक मोनू के अनुसार, घटना के समय बस का नवीनीकरण का काम चल रहा था और इसमें सीसीटीवी कैमरे नहीं थे।
उन्होंने कहा कि बस को मरम्मत कार्य के लिए सूरजपुर ले जाया गया था, जिसके बाद इसे पेंट कराने के लिए कश्मीरी गेट ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि फॉरेंसिक जांच के दौरान बस के अंदर लड़की के बाल पाए गए। पुलिस ने कहा कि बस की आगे की फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
भाषा
नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


