पंजाब में छापेमारी की कार्रवाई के दौरान 174 मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
पंजाब में छापेमारी की कार्रवाई के दौरान 174 मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़, 12 फरवरी (भाषा) पंजाब पुलिस ने पूरे राज्य में चलाए जा रहे ‘‘युद्ध नशियां विरुद्ध’’ अभियान के तहत बृहस्पतिवार को 388 स्थानों पर छापेमारी कर 171 मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब आठ किलोग्राम हेरोइन जब्त की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार के अभियान के दौरान कुल 95 प्राथमिकी दर्ज की गईं। उन्होंने बताया कि इसी के साथ पिछले 348 दिन में गिरफ्तार किए गए मादक पदार्थ तस्करों की कुल संख्या 49,436 हो गई है।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, पुलिस ने बृहस्पतिवार के अभियान के दौरान 8.03 किलोग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम, 617 नशीली गोलियां और कैप्सूल तथा 1.27 लाख रुपये नकदी भी जब्त की है।
बयान में कहा गया कि 73 राजपत्रित अधिकारियों की देखरेख में 1,100 से अधिक कर्मियों वाली 120 से अधिक पुलिस टीम ने छापेमारी के अभियान को अंजाम दिया।
दिनभर चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने 382 संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने वरिष्ठ अधिकारियों को पंजाब को नशामुक्त राज्य बनाने का निर्देश दिया है।
राज्य सरकार ने नशा विरोधी अभियान की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय मंत्रिमंडल उप-समिति का भी गठन किया है।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


