गुजरात में कार दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौत, वाहन से शराब की 677 बोतल बरामद

Ads

गुजरात में कार दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौत, वाहन से शराब की 677 बोतल बरामद

  •  
  • Publish Date - February 18, 2026 / 03:26 PM IST,
    Updated On - February 18, 2026 / 03:26 PM IST

वाव-थराद (गुजरात), 18 फरवरी (भाषा) गुजरात के वाव-थराद जिले के पास एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) के पेड़ से टकराने के बाद उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई। वाहन से शराब की 677 बोतल बरामद हुई हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ निषेध अधिनियम के तहत और ‘डुप्लीकेट’ नंबर प्लेट का इस्तेमाल करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

गुजरात में शराब का निर्माण, बिक्री और उसकी खपत पर प्रतिबंध है।

थराद के पुलिस निरीक्षक ए टी पटेल ने बताया कि हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ जब चालक ने कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो दिया और वह (वाहन) एक पेड़ से टकरा गया। उन्होंने बताया कि वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों की पहचान राजस्थान निवासी कनाराम रबारी (30) और पिंटू बाजिराना (28) के रूप में हुई है। इस घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि दोनों गुजरात में पीलुडा से करबुन गांव जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, वाहन पर ‘डुप्लीकेट’ नंबर प्लेट लगी हुई थीं और उसके अंदर से शराब की 677 बोतल बरामद हुईं। अधिकारी ने बताया कि बाजिराना का आपराधिक इतिहास था और उसके खिलाफ पहले भी शराबबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा चुका था।

पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

भाषा

सुरभि पवनेश

पवनेश