बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल, पांच की हालत गंभीर

Ads

बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल, पांच की हालत गंभीर

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 04:42 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 04:42 PM IST

बदायूं (उप्र) 19 जून (भाषा) बदायूं जिले के वजीरगंज थानाक्षेत्र में नौली हरनाथपुर गांव के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गयी जिससे करीब 20 यात्री घायल हो गये तथा उनमें पांच की हालत गंभीर है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर पलट गई तथा बस में करीब 100 यात्री थे।

सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को पहले वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को वहां से बदायूं जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हिरदेश कुमार कठेरिया ने बताया, ‘‘डबल डेकर बस पलटने से लगभग 20 लोग घायल हुए हैं। उनमें पांच की हालत गंभीर है। एक व्यक्ति का पैर कट गया है। सभी घायलों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।’’

उन्होंने कहा कि मौके पर यातायात सुचारु कर दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार यह बस वाराणसी से दिल्ली जा रही थी।

भाषा सं आनन्द राजकुमार

राजकुमार