2026 का विधानसभा चुनाव ‘परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति’ को खत्म करने के लिए: पलानीस्वामी
2026 का विधानसभा चुनाव ‘परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति’ को खत्म करने के लिए: पलानीस्वामी
कोयंबटूर, 18 अप्रैल (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) प्रमुख एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने शनिवार को सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर जमकर निशाना साधा और दावा किया कि 2026 का विधानसभा चुनाव तमिलनाडु में ‘परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति’ को खत्म करने के लिए है।
पलानीस्वामी ने यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, “हम राज्य की जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।”
उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव ‘‘राज्य का दोहन करने वाले एक परिवार और तमिलनाडु (की जनता) के बीच की लड़ाई’’ है।
पलानीस्वामी ने कथित दोहन संबंधी टिप्पणी करते वक्त द्रमुक या उसके किसी नेता का नाम नहीं लिया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि 2026 का विधानसभा चुनाव राज्य में ‘परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति’ को खत्म करने के लिए है।
पलानीस्वामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में कहा कि दिग्गज नेता एमजी रामचंद्रन ने ‘दुष्ट शक्ति द्रमुक’ को सत्ता से हटाने के लिए उस अन्नाद्रमुक की स्थापना की थी, जो आज तमिलनाडु में राजग का नेतृत्व कर रही है।
अन्नाद्रमुक प्रमुख ने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने (मोदी ने) विश्व मंच पर देश का कद ऊंचा किया है।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


