अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए जम्मू आधार शिविर से 2,051 श्रद्धालु रवाना
अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए जम्मू आधार शिविर से 2,051 श्रद्धालु रवाना
जम्मू, 29 जुलाई (भाषा) जम्मू आधार शिविर से 2,000 से अधिक श्रद्धालु मंगलवार को बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए कश्मीर रवाना हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अब तक 4.36 लाख से अधिक श्रद्धालु 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुफा मंदिर में भगवान शिव के ‘हिमलिंग’ के दर्शन कर चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि यहां भगवती नगर आधार शिविर से मंगलवार तड़के करीब 2:45 बजे 22वें जत्थे में 2,051 श्रद्धालु 82 वाहनों के काफिले से बालटाल के लिए रवाना हुए।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के इस जत्थे में 369 महिलाएं, दो बच्चे और 30 विदेशी नागरिक शामिल हैं।
अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार के जत्थे के रवाना होने के साथ ही वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू आधार शिविर से निकलने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 1,32,406 हो गई है।
अधिकारियों ने बताया कि पहलगाम मार्ग से कोई भी श्रद्धालु रवाना नहीं हुआ, क्योंकि मरम्मत कार्य के कारण इस मार्ग से अमरनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया गया है।
कुल 57 दिन तक चलने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा का समापन 28 अगस्त को होगा।
खराब मौसम के कारण 19 जुलाई से 24 जुलाई तक स्थगित रहने के बाद अमरनाथ यात्रा 25 जुलाई को फिर से शुरू हुई थी।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी

Facebook


