झारखंड में बकरी चोरी के शक में भीड़ ने 35 वर्षीय व्यक्ति को पीट-पीटकर मार डाला, सात गिरफ्तार
झारखंड में बकरी चोरी के शक में भीड़ ने 35 वर्षीय व्यक्ति को पीट-पीटकर मार डाला, सात गिरफ्तार
खूंटी, 29 जुलाई (भाषा) झारखंड के खूंटी जिले में बकरी चोरी के शक में 35 वर्षीय व्यक्ति की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या करने और एक अन्य व्यक्ति को घायल करने के मामले में गांव के मुखिया समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार देर रात खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के बिंदादिरी गांव में हुई।
खूंटी के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) मंगल सिंह जामुदा ने बताया, ‘‘कार से आए चार लोग गांव में कथित तौर पर बकरी चोरी करने पहुंचे थे। ग्रामीणों ने उनमें से दो लोगों को पकड़ लिया और उनकी कथित रूप से पिटाई कर दी, जबकि बाकी दो लोग वाहन लेकर फरार हो गए।’’
अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले गई तथा इस दौरान दिलदार अंसारी नाम के व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि अंसारी गुमला जिले के सिसई का रहने वाला था। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने मंगलवार को गांव के मुखिया पांडा बोदरा (50) समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की है।’’
एसडीपीओ ने बताया कि हमले में घायल निजाम अंसारी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के बाद ये गिरफ्तारियां की गईं।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी

Facebook


