भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, तीन विमानन नियामकों में 2,645 पद रिक्त : नागर विमानन राज्य मंत्री मोहोल

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, तीन विमानन नियामकों में 2,645 पद रिक्त : नागर विमानन राज्य मंत्री मोहोल

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, तीन विमानन नियामकों में 2,645 पद रिक्त : नागर विमानन राज्य मंत्री मोहोल
Modified Date: February 5, 2026 / 04:46 pm IST
Published Date: February 5, 2026 4:46 pm IST

नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) सरकार ने बृहस्पतिवार को लोकसभा को बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और तीन विमानन नियामक निकायों- नागर विमानन महानिदेशालय, नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो और भारतीय विमानपत्तन आर्थिक विनियामक प्राधिकरण में कुल 2,645 पद रिक्त हैं।

संसद के निचले सदन में, एक प्रश्न के लिखित उत्तर में नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले रिक्त पदों, जिनमें संबद्ध कार्यालय और नियामक निकाय शामिल हैं, को भरने के लिए समय-समय पर पर्याप्त कदम उठाए जाते हैं।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) में 787 रिक्त पद हैं, जो मुख्य रूप से 2022-2024 के दौरान किये गए पुनर्गठन के तहत सृजित 441 अतिरिक्त पदों के कारण हैं।

मंत्री ने बताया कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) में प्रत्यक्ष भर्ती (कार्यकारी) पदों से संबंधित 1,667 रिक्तियां हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इन रिक्तियों को भरने के लिए, एएआई ने भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई है, परिचालन के दृष्टिकोण से संवेदनशील हवाई अड्डों पर कर्मचारियों का स्थानांतरण किया है और हवाई क्षेत्र की बढ़ती आवश्यकताओं के अनुरूप अतिरिक्त एटीसीओ (वायु यातायात नियंत्रक) पद सृजित किए हैं…।’’

मंत्री के अनुसार, नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) और भारतीय विमानपत्तन आर्थिक विनियामक प्राधिकरण (एईआरए) में क्रमशः 180 और 11 पद रिक्त हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘बीसीएएस और एईआरए प्रतिनियुक्ति आधारित संगठन हैं, पदों को निर्धारित मानदंडों के अनुसार भरने के लिए समय-समय पर रिक्ति परिपत्र जारी किए जाते हैं।’’

एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में, मोहोल ने कहा कि पिछले तीन महीनों में इंडिगो द्वारा कुल 6,936 उड़ानें रद्द की गईं, जिससे 10,81,680 यात्री प्रभावित हुए।

उन्होंने यह भी बताया कि परिचालन का अत्यधिक अनुकूलन, अपर्याप्त नियामक तैयारी, प्रबंधन संरचना और परिचालन नियंत्रण में खामियां दिसंबर 2025 में एयरलाइन की उड़ानें रद्द होने के कारणों में शामिल हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि दिसंबर 2025 के दौरान खराब मौसम के कारण भी काफी संख्या में उड़ानें रद्द की गईं।

भाषा सुभाष वैभव

वैभव


लेखक के बारे में