पलामू में 14 लड़कियों समेत 27 नाबालिग बच्चों को बचाया गया

पलामू में 14 लड़कियों समेत 27 नाबालिग बच्चों को बचाया गया

पलामू में 14 लड़कियों समेत 27 नाबालिग बच्चों को बचाया गया
Modified Date: July 11, 2026 / 04:46 pm IST
Published Date: July 11, 2026 4:46 pm IST

मेदिनीनगर (झारखंड), 11 जुलाई (भाषा) धान की रोपाई के लिए कथित तौर पर बिहार के सासाराम ले जाए जा रहे 27 नाबालिग बच्चों को झारखंड के पलामू जिले में मुक्त कराया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मुक्त कराए गए 27 बच्चों की उम्र 12 से 16 वर्ष के बीच है। इनमें 14 लड़कियां भी शामिल हैं।

विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) चिरंजीवी मंडल ने बताया कि पलामू की जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) ने पुलिस को बच्चों के बारे में सूचना दी और उन्हें मुक्त कराने में सहयोग मांगा।

मंडल ने कहा, ‘‘सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शुक्रवार देर शाम पड़वा थाना क्षेत्र से 14 बच्चों और नावाबाजार थाना क्षेत्र से 13 बच्चों को मुक्त कराया।’’

उन्होंने बताया कि लड़कियों को ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ भेजा गया है, जबकि लड़कों को बाल गृह भेजा गया है।

जिला बाल कल्याण समिति ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मुक्त कराए गए सभी बच्चे लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

एक अन्य अधिकारी ने बताया, ‘‘उन्हें धान की रोपाई के काम के लिए बिहार के सासाराम ले जाया जा रहा था। इस मामले में पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।’’

पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

भाषा प्रचेता शफीक

शफीक


लेखक के बारे में