जम्मू-कश्मीर के कठुआ में औद्योगिक इकाई से 18 लड़कियों समेत 28 बच्चे मुक्त कराए गए
जम्मू-कश्मीर के कठुआ में औद्योगिक इकाई से 18 लड़कियों समेत 28 बच्चे मुक्त कराए गए
जम्मू, 29 सितंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में बाल श्रम कराए जाने की शिकायतों के बाद मंगलवार को एक औद्योगिक इकाई के संयुक्त निरीक्षण के दौरान 18 लड़कियों समेत 28 बच्चों को मुक्त कराया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि कठुआ के सिकोप, हटली मोड़ स्थित औद्योगिक इकाई में औचक निरीक्षण का नेतृत्व कठुआ के तहसीलदार विक्रम कुमार ने किया।
इस दौरान जिला बाल संरक्षण अधिकारी वरुण कुमार चौधरी, सहायक श्रम आयुक्त मुनीर हुसैन के अलावा जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू), चाइल्ड हेल्पलाइन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के अधिकारी शामिल थे।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान औद्योगिक परिसर से 18 लड़कियों समेत 28 बच्चों को मुक्त कराया गया।
अधिकारियों ने कहा कि मुक्त कराए गए बच्चों को तत्काल चिकित्सकीय जांच के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद सभी बच्चों को किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम तथा संबंधित श्रम कानूनों के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई के लिए कठुआ की बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया।
कठुआ जिला प्रशासन ने कहा कि वह जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने और बच्चों के अधिकारों एवं कल्याण की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
एक अधिकारी ने कहा कि प्रशासन क्षेत्र में औद्योगिक विकास और वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों को सरकार द्वारा निर्धारित कानूनों और नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ बाल श्रम से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।’’
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बाल श्रम के खिलाफ कड़े कदम उठाने तथा प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, पुनर्वास और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव

Facebook


