गुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारने वाली ‘थार’ का चालक गिरफ्तार
गुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारने वाली ‘थार’ का चालक गिरफ्तार
गुरुग्राम, 29 सितंबर (भाषा) गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को द्वारका एक्सप्रेसवे पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के आरोप में वाहन ‘थार’ के चालक को गिरफ़्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि ‘थार’ को पहले ही बरामद कर लिया गया था।
एक कथित डैशकैम वीडियो में 26 सितंबर की देर रात तेजी और लापरवाही से चलाई जा रही एक काली महिंद्रा ‘थार रॉक्स’ गाड़ी को गुजरते हुए रास्ते में एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारते और फिर राजमार्ग पर तेज़ी से भागते हुए देखा जा सकता है।
आरोप है कि द्वारका एक्सप्रेसवे पर ‘थार’ ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, जिससे उस पर सवार दो लोग व्यस्त सड़क पर गिर पड़े।
पुलिस ने बताया कि इस वाहन पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और रेड लाइट तोड़ने के लिए अगस्त में जारी किया गया एक चालान भी बकाया था।
पुलिस ने बताया कि वीडियो का तुरंत संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर 10ए थाने में मामला दर्ज किया।
प्रसारित वीडियो के आधार पर, पुलिस टीम ने गाड़ी और आरोपी चालक की पहचान की। घटना में इस्तेमाल की गई ‘थार रॉक्स’ गाड़ी को सेक्टर-93 स्थित एक सर्विस स्टेशन से बरामद किया गया। नियमानुसार पुलिस ने उसे अपने कब्ज़े में ले लिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल सवार राजेश कुमार और दिनेश का पता लगाया तथा बीएनएसएस की धारा 180 के तहत उनके बयान दर्ज किए।
मंगलवार को पुलिस टीम ने यहां आरोपी गाड़ी चालक मनमीत को गिरफ़्तार किया, जो भिवानी ज़िले के मुंधल खुर्द का रहने वाला है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।
भाषा राजकुमार पवनेश
पवनेश

Facebook


