अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कोलकाता में 35000 लोग एक साथ करेंगे योगाभ्यास, मोदी करेंगे उनकी अगुवाई
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कोलकाता में 35000 लोग एक साथ करेंगे योगाभ्यास, मोदी करेंगे उनकी अगुवाई
(फाइल फोटो के साथ)
कोलकाता, 20 जून (भाषा) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को कोलकाता में देश के सबसे बड़े आयोजनों में से एक में लगभग 35,000 लोगों के जुटने की उम्मीद है तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कोलकाता में अलग-अलग जगहों पर एक साथ होने वाले योग सत्रों में लगभग 10 लाख लोग हिस्सा लेंगे।
आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा, ‘‘यह पहली बार है जब पश्चिम बंगाल इतने बड़े पैमाने पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम की मेज़बानी कर रहा है। इसमें योग संस्थानों, विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और समाज के सभी वर्गों के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।’’
लोगों के जबरदस्त उत्साह का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘इस साल के समारोहों की एक अहम बात ‘योग संगम पोर्टल’ के जरिए संगठनों का बड़े पैमाने पर पंजीकरण है, जो अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 का सामुदायिक भागीदारी वाला मुख्य मंच है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह पोर्टल संस्थानों, संगठनों और समुदायों को ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ (सीवाईपी) के आधार पर पंजीकरण करने और एक साथ योग सत्र आयोजित करने की सुविधा देता है। अब तक लगभग सात लाख पंजीकरण हो चुके हैं और दिन के आखिर तक यह संख्या दस लाख तक पहुंचने की उम्मीद है।’’
मुख्य आकर्षणों में एक बड़ा योग कार्निवल और हुगली नदी पर योग का एक अनोखा प्रदर्शन शामिल होगा, जहां लगभग 500 नावों पर लोग एक साथ योग करेंगे। यह इस साल के समारोह की सबसे खास बातों में से एक होगी।
कार्यक्रम की समयसारिणी का ज़िक्र करते हुए कोटेचा ने कहा, ‘‘यह कार्यक्रम सुबह 6:30 बजे एक देशव्यापी सत्र के साथ शुरू होगा, जिसमें प्रतिभागी प्रधानमंत्री का संबोधन सुनेंगे। इसके बाद सुबह 7:00 बजे से 7:45 बजे तक प्रधानमंत्री की अगुवाई में सामूहिक ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ सत्र होगा।’’
भारत का प्रस्ताव 2014 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा अपनाए जाने के बाद से, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस दुनिया की सबसे बड़ी जन स्वास्थ्य पहलों में से एक बन गया है।
भाषा राजकुमार पवनेश
पवनेश

Facebook


