महाशिवरात्रि पर 40 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई
महाशिवरात्रि पर 40 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई
प्रयागराज, 15 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित माघ मेला, रविवार को महाशिवरात्रि पर्व के स्नान के साथ संपन्न हो गया।
महाशिवरात्रि पर रविवार को 40 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई।
मेला प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार की देर रात से ही श्रद्धालुओं का मेला क्षेत्र में आगमन और गंगा स्नान जारी रहा और आज लगभग 40 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में स्नान किया।
उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर स्नान के साथ पिछले करीब डेढ़ महीने से संगम नगरी में जारी माघ मेला निर्वघ्न रूप से संपन्न हो गया।
अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष माघ मेले में 22 करोड़ से अधिक लोगों ने गंगा और संगम में स्नान किया। माघ मेले के दौरान 18 जनवरी को मौनी अमावस्या पर सबसे अधिक 4.36 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में स्नान किया।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से इस वर्ष के माघ मेले ने 2013 के प्रयागराज कुंभ के रिकॉर्ड को काफी पीछे छोड़ दिया। 2013 (समाजवादी पार्टी की सरकार) में आयोजित प्रयागराज कुंभ में लगभग 12 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में स्नान किया था।
इस वर्ष माघ मेला स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और प्रशासन के बीच तनातनी को लेकर सुर्खियों में रहा।
मौनी अमावस्या पर स्नान के दौरान संगम नोज पर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब भारी भीड़ का हवाला देते हुए पुलिस ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को पालकी पर सवार होकर भारी संख्या में समर्थकों के साथ संगम जाने से कथित तौर पर रोक दिया।
इस घटना के बाद से ही स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने माघ मेले में किसी पर्व पर गंगा स्नान नहीं किया और सरकार के साथ उनका विवाद जारी रहा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि सभी घाटों पर सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम तैनात हैं तथा नाविकों व गोताखोरों को भी सभी घाटों पर तैनात किया गया है।
वर्मा ने बताया कि सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम उपलब्ध रहे और सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से मेला क्षेत्र की निगरानी की गई। सभी अधिकारी मेला क्षेत्र में भ्रमणशील रहे।
भाषा राजेंद्र नोमान
नोमान

Facebook


