दिल्ली के अस्पतालों के पास खुलेंगे 40 नए अटल कैंटीन, 12 घंटे मिलेगा भोजन
दिल्ली के अस्पतालों के पास खुलेंगे 40 नए अटल कैंटीन, 12 घंटे मिलेगा भोजन
नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) दिल्ली सरकार मरीजों और उनके तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजधानी में सरकारी अस्पतालों के पास लगभग 40 अतिरिक्त ‘अटल कैंटीन’ स्थापित करने की योजना बना रही है। एक अधिकारी के अनुसार, इन कैंटीन के संचालन का समय बढ़ाकर सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि मौजूदा व्यवस्था के तहत अटल कैंटीन दो निश्चित समय पर संचालित होती हैं, जिनमें दोपहर के भोजन के लिए सुबह 11.30 बजे से दोपहर दो बजे तक और रात के खाने के लिए शाम 6.30 बजे से रात नौ बजे तक का समय तय है। अस्पतालों से जुड़ी प्रस्तावित कैंटीन लगातार 12 घंटे खुली रहेंगी।
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य मरीजों के परिजनों और चिकित्सा केंद्रों में लंबे समय तक रुकने वाले अन्य लोगों की जरूरतों को पूरा करना है।
दिल्ली सरकार ने 19 फरवरी को राष्ट्रीय राजधानी में 25 अटल कैंटीन का उद्घाटन किया था। यह योजना शहरी गरीबों, मजदूरों और अन्य वंचित वर्गों को किफायती और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के अभियान का हिस्सा है।
फिलहाल दिल्ली में 71 अटल कैंटीन हैं। सरकार का लक्ष्य मार्च के अंत तक इसकी संख्या बढ़ाकर 100 करना है।
इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को पांच रुपये प्रति थाली की दर से पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाता है जिसमें रोटी, चावल, सब्जी और अचार शामिल होता है।
प्रत्येक कैंटीन में दोपहर और रात के भोजन के लिए 500-500 थाली देने की दैनिक सीमा निर्धारित की गई है। भोजन प्राप्त करने के लिए लोगों को ‘क्यूआर’ आधारित टोकन लेना होता है।
भाषा प्रचेता अविनाश
अविनाश

Facebook


