प. एशिया संकट के दौरान 4,052 फंसे भारतीय नाविकों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया: सोनोवाल

प. एशिया संकट के दौरान 4,052 फंसे भारतीय नाविकों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया: सोनोवाल

प. एशिया संकट के दौरान 4,052 फंसे भारतीय नाविकों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया: सोनोवाल
Modified Date: August 5, 2026 / 10:05 pm IST
Published Date: August 5, 2026 10:05 pm IST

नयी दिल्ली, पांच अगस्त (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक संकट के दौरान फंसे 4,052 भारतीय नाविकों को सुरक्षित स्वदेश वापस लाया गया है। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सोनोवाल ने पश्चिम एशिया और अन्य क्षेत्रों में बदलती भू-राजनीतिक स्थिति के बीच भारतीय नाविकों की सुरक्षा और संरक्षा की समीक्षा के लिए बुधवार को पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ व्यापक बैठक की।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘डीजीकॉम सेंटर (एमएमडीएसी) संकट संदेशों की निगरानी और बचाव प्रयासों के समन्वय के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहा है।’’

मंत्री ने कहा, ‘‘जारी संकट के दौरान 4,052 फंसे हुए भारतीय नाविकों को सुरक्षित वापस लाया गया है और हमारे आपातकालीन प्रतिक्रिया माध्यमों के जरिए 16,448 कॉल तथा 40,594 ई-मेल का निपटारा किया गया है।’’

सोनोवाल ने कहा कि महानिदेशक समुद्री प्रशासन (डीजीएमए) भी प्रभावित समुद्री कर्मियों को स्वदेश वापसी में सहायता, चिकित्सा सुविधा, परामर्श और उनके परिवारों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने में मदद कर रहा है।

उन्होंने कहा कि विशेष उच्च जोखिम क्षेत्र योजना के तहत मारे गए नाविकों के निकटतम परिजनों को तत्काल 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है।

सोनोवाल ने कहा कि भारतीय नाविक वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण कार्यबल हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार उनके तथा उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे समुद्री योद्धाओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है।’’

इससे पहले मंगलवार को यमनी जलक्षेत्र के पास एक भारतीय ध्वज वाले वाणिज्यिक पोत पर एक रॉकेट से हमला हुआ था, जिसके कारण पोत पलट गया और डूब गया।

सोनोवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस ‘‘बिना उकसावे के किए गए हमले’’ की कड़ी निंदा की थी। उन्होंने कहा था कि असुरक्षित यांत्रिक नौका एमएसवी फैज नूर ओलीया पर हुए हमले के बाद सभी 14 नाविकों (जिनमें 13 भारतीय थे) को यमनी तटरक्षक बल ने सुरक्षित बचा लिया और मोखा बंदरगाह पहुंचाया।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में