श्रीगंगानगर: बाल सुधार गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या, तीन निरुद्ध किशोरों पर आरोप
श्रीगंगानगर: बाल सुधार गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या, तीन निरुद्ध किशोरों पर आरोप
जयपुर, पांच अगस्त (भाषा) श्रीगंगानगर जिले में बाल अधिकारिता विभाग के राजकीय संप्रेक्षण एवं किशोर गृह परिसर स्थित बाल सुधार गृह में तैनात सुरक्षा गार्ड की बुधवार को तीन निरुद्ध किशोरों ने कथित रूप से लकड़ी के डंडे से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना शाम करीब 6:45 बजे की है।
पुलिस ने बताया, मृतक की पहचान श्रीगंगानगर की अंबे विहार कॉलोनी निवासी 63 वर्षीय साहबराम के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि तीनों किशोर हत्या तथा एनडीपीएस अधिनियम से जुड़े मामले में बाल सुधार गृह में निरुद्ध हैं।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि बाल सुधार गृह में 15 अगस्त के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान परिसर का कूलर खराब होने पर साहबराम उसे ठीक कराने के लिए दूसरे सुरक्षा गार्ड से औजार लेने जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि तीनों किशोरों ने पीछे से साहबराम पर लकड़ी के डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इस मामले में तफ्तीश जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीनों निरुद्ध किशोरों से पूछताछ शुरू की है।
थाना प्रभारी सुमन परिहार ने बताया कि परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वारदात में कितने लोग शामिल थे।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम बृहस्पतिवार सुबह कराया जाएगा। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, साहबराम सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) से सेवानिवृत्त होने के बाद पिछले कुछ महीनों से बाल सुधार गृह में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे।
भाषा बाकोलिया
शफीक
शफीक

Facebook


