अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, 60 लाख रुपये मूल्य की स्मैक जब्त
अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, 60 लाख रुपये मूल्य की स्मैक जब्त
नयी दिल्ली, 21 फरवरी (भाषा) दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में ‘स्मैक’ की आपूर्ति करने वाले एक अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह से जुड़े पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से लगभग 60 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मुख्य आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी अमीन खान (24) के रूप में हुई है। उसे 12 फरवरी को पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर में नोएडा लिंक रोड के पास से गिरफ्तार किया गया था। वह कथित तौर पर ‘स्मैक’ (मिलावटी हेरोइन) की खेप पहुंचाने के लिए मौके पर पहुंचा था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उसके पास से 291 ग्राम प्रतिबंधित पदार्थ बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान खान ने खुलासा किया कि वह बदायूं के आपूर्तिकर्ताओं से स्मैक खरीदता था और पूर्वी दिल्ली के खोड़ा चौक व शशि गार्डन जैसे इलाकों में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेचता था।
इसके बाद पुलिस ने बदायूं से उसके दो आपूर्तिकर्ताओं राशिद (38) और बलबीर (34) को गिरफ्तार किया, जिनके पास से अतिरिक्त 35.85 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
खान के कॉल रिकॉर्ड की जांच और विश्लेषण से पुलिस को उसके दो स्थानीय सहयोगियों आसिफ (27) और इकरार (42) का पता चला। दोनों त्रिलोकपुरी के निवासी हैं और कथित तौर पर पूर्वी दिल्ली में मादक पदार्थों की आपूर्ति में शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि खान के सीधे संपर्क में पाए जाने के बाद उन्हें शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि दोनों ने खुलासा किया कि वे स्थानीय क्षेत्रों में बेचने के लिए खान से स्मैक प्राप्त कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि दोनों मयूर विहार थाने में दर्ज तस्करी के एक पुराने मामले में भी वांछित थे।
अधिकारियों ने बताया कि पांचों आरोपी उत्तर प्रदेश से दिल्ली-एनसीआर में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा थे। उन्होंने बताया कि जांच जारी है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत

Facebook


